बेन डकेट की ताबड़तोड़ मैराथन पारी से जीता इंग्लैंड, हाई स्कोरिंग मुकाबले में श्रीलंका को 55 रन से रौंदा
Table of Contents
पाकिस्तान में खेली जा रही वनडे ट्राई-सीरीज में इंग्लैंड (England) को लगातार तीन हार के बाद अपनी पहली जीत नसीब हुई। गुरुवार (29 अक्टूबर) को लाहौर में इंग्लैंड ने श्रीलंका को हाई-स्कोरिंग मैच में 55 रन से हराया और जीत के साथ अपने अभियान को समाप्त किया।
गद्दाफी स्टेडियम में पहले खेलते हुए इंग्लैंड (England) ने 50 ओवर में 386/5 का स्कोर बनाया, जवाब में श्रीलंकाई टीम 45.1 ओवर में 331 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई।
England की जबरदस्त शुरुआत, डकेट-बैंटन ने की 163 रनों की साझेदारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बहुत ही शानदार रही। बेन डकेट और टॉम बैंटन की ओपनिंग जोड़ी ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर हमला बोला और तेजी से रन बटोरे। इन दोनों ने पहले 50 रन जोड़े, फिर 100 रनों की साझेदारी पूरी की। इसके बाद, 150 रनों का आंकड़ा पार किया और पहले विकेट के लिए 163 रन जोड़े। बैंटन ने 75 गेंदों में 74 रन बनाए और 25वें ओवर में आउट हुए।
डकेट के शतक और अन्य बल्लेबाजों के दम पर इंग्लैंड ने बनाया बड़ा स्कोर

यहां से डकेट कोकप्तान हैरी ब्रूक (44) का साथ मिला और इनके बीच 107 रनों की साझेदारी हुई, जिससे इंग्लैंड (England) का स्कोर 270 तक पहुंच गया। डकेट ने लगातार दूसरा शतक बनाया और 167 रन बनाकर 301 के स्कोर पर आउट हुए। विल जैक्स ने 30 रन का योगदान दिया। वहीं, जॉर्डन कॉक्स ने 41 रन की पारी खेली, जबकि सैम करन 21 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की तरफ से असिथा फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
श्रीलंका के टॉप ऑर्डर ने दिखाया दम, इंग्लैंड के लिए बने परेशानी का सबब
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने चौथे ओवर में ही 13 के स्कोर पर कामिन्दु मेंडिस का विकेट गंवा दिया, जो 4 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद, अविष्का फर्नांडो और कप्तान कुसल मेंडिस ने 84 रन जोड़ते हुए स्कोर को 100 के करीब पहुंचाया। फर्नांडो 48 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुसल शतक से चूक गए और 89 के व्यक्तिगत स्कोर पर उनकी पारी समाप्त हुई।
पवन रत्नायके का शतक गया बेकार, श्रीलंका के मिडिल ऑर्डर ने डुबोई लुटिया
177 के स्कोर पर तीसरा विकेट गिरने के बाद, श्रीलंका को नियमित अंतराल पर झटके लगे। दासुन शनाका सिर्फ 4 रन बना पाए। वहीं, जेनिथ लियानागे ने 27 और सहान अराच्चिगे ने 30 रन का योगदान दिया। इन तीन बल्लेबाजों के जल्दी-जल्दी आउट होने से श्रीलंकाई पारी लड़खड़ा गई और पवन रत्नायके के 77 गेंदों में 118 रनों के बावजूद पूरे ओवर नहीं खेल पाई। इंग्लैंड (England) की तरफ से लियाम डॉसन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें: अगले कुछ सालों के लिए ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच का हुआ ऐलान, सिर्फ 4 टेस्ट खेलने वाले को मिली जिम्मेदारी