टीम में जगह मिलने के बावजूद आकिब नबी को नहीं मिलेगा श्रीलंका दौरे पर डेब्यू, सामने आई बड़ी वजह

Published - 05 Aug 2026, 10:08 AM | Updated - 05 Aug 2026, 10:40 AM

Auqib Nabi

Auqib Nabi unlikely to debut: भारत को 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके लिए टीम इंडिया मंगलवार (4 अगस्त) को श्रीलंका पहुंच गई। 7 अगस्त से कोलंबो में भारत को श्रीलंका XI के विरुद्ध तीन दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलना है।

इस दौरे के लिए भारतीय स्क्वाड में कुछ नए चेहरे भी शामिल हैं, जिन्हें प्रमुख खिलाड़ियों के फिट न होने की वजह से मौका मिला है। इनमें एक नाम जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी (Auqib Nabi) का है।

बुमराह के अनफिट होने की वजह से Auqib Nabi को मिला मौका

Auqib Nabi 1

दरअसल, श्रीलंका दौरे के लिए 28 जुलाई को ही BCCI ने भारतीय टीम के 15 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया था। इसमें जसप्रीत बुमराह को भी चुना गया था, जो अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट नहीं खेले थे। हालांकि, बुमराह की वापसी फिटनेस के अधीन थी, क्योंकि उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ वनडे के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं घुटने में चोट लग गई थी।

इस इंजरी से उबरने में बुमराह नाकाम रहे और इसी वजह से उन्हें श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा। बुमराह के बाहर होने की वजह से चयनकर्ताओं ने तेज गेंदबाज आकिब नबी (Auqib Nabi) को चुना, जिन्हें काफी समय से नजरअंदाज किया जा रहा था।

रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन

श्रीलंका दौरे के लिए आकिब नबी (Auqib Nabi) को चुने जाने की प्रमुख वजह से पिछले दो रणजी सीजन में उनका विकेटों की झड़ी लगाना है। 29 साल के नबी ने कुल 104 विकेट लिए, जिनमें से 60 विकेट 2025-26 सीजन में झटके। उनके इस प्रदर्शन ने जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

आकिब नबी को शानदार प्रदर्शन की वजह से श्रीलंका के हालिया दौरे के लिए इंडिया A टीम में भी जगह मिली। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने श्रीलंका A के खिलाफ दो चार-दिवसीय मैचों में छह विकेट लिए, जिसमें पहले मैच की पहली पारी में 58 रन देकर 4 विकेट लेना भी शामिल है।

श्रीलंका दौरे पर नबी के डेब्यू की संभावना कम

भले ही आकिब नबी लगातार भारत की टेस्ट टीम में जसप्रीत बुमराह के इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में जगह बनाने में कामयाब रहे लेकिन उनके डेब्यू की संभावना कम नजर आ रही है। श्रीलंका में धीमी पिचों के कारण दो से ज्यादा तेज गेंदबाजों को एक साथ प्लेइंग XI में मौका मिलना मुश्किल ही है।

ऐसे में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का खेलना तय माना जा रहा है। वहीं, उनके जोड़ीदार के रूप में प्रसिद्ध कृष्णा की दावेदारी मजबूत लग रही है। अगर प्रसिद्ध को सिर्फ एक मैच खिलाया जाता है तो गुरनूर बरार को भी मौका मिल सकता है, क्योंकि उन्होंने श्रीलंका A के खिलाफ रेड बॉल मैच में 10 विकेट हॉल लिया था। इसी वजह से आकिब नबी को डेब्यू का मौका मिलेगा, ये कहना मुश्किल है।

यह भी पढ़ें: श्रीलंका पहुंचते ही टीम इंडिया पर मंडराया खतरा, जानिए क्या है पूरा मामला

Tagged:

team india Auqib Nabi India Tour of Sri Lanka 2026
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com