संजू-अय्यर-हार्दिक? कौन होगा भारत का नया टी20 कप्तान! जानें किसके पक्ष में कोच गौतम गंभीर

Published - 10 May 2026, 08:25 AM | Updated - 10 May 2026, 08:32 AM

Gautam Gambhir

Gautam Gambhir: 2026 टी20 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में नए टी20 कप्तान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव के बाद टी20 फॉर्मेट के लिए नए कप्तान की तलाश में जुटा हुआ है। इस मुद्दे पर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं और कई खिलाड़ियों के नाम चर्चा में बने हुए हैं।

इसी बीच सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) टीम इंडिया की टी20 कप्तानी के लिए हार्दिक पांड्या ,संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर में से किसी एक को जिम्मेदारी सौंपने के पक्ष में नज़र आ रहे हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं का आने वाला फैसला भारतीय क्रिकेट में बड़ा बदलाव ला सकता है।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) किस खिलाड़ी को भारत का अगला टी20 कप्तान बनाना चाहते हैं।

संजू सैमसन के कप्तानी आंकड़े

संजू सैमसन ने पिछले कुछ सालों में अपनी कप्तानी से सभी को काफी प्रभावित किया है। 2021 से 2025 तक राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते हुए उन्होंने 67 आईपीएल मैचों में टीम का नेतृत्व किया, जिसमें 33 मुकाबलों में जीत हासिल हुई। इसी के साथ वह राजस्थान रॉयल्स के इतिहास के सबसे सफल कप्तान बन गए।

संजू की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2022 के फाइनल तक का सफर तय किया था। इसके अलावा उनकी अगुवाई में टीम कई बार प्लेऑफ में भी पहुंची। आईपीएल के अलावा वह घरेलू क्रिकेट में केरल और इंडिया ए की कप्तानी भी कर चुके हैं।

उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में उन्होंने 97 रन बनाए, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रमशः 89 रनों की बेहतरीन पारियां खेलीं। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

शानदार नेतृत्व, शांत स्वभाव और टीम इंडिया के टी20 सेटअप का नियमित हिस्सा होने की वजह से उन्हें भारत की टी20 टीम का अगला कप्तान बनने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

श्रेयस अय्यर के कप्तानी आंकड़े

श्रेयस अय्यर ने टी20 क्रिकेट में अपनी कप्तानी से लगातार प्रभावित किया है। अब तक वह कुल 110 टी20 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं, जिसमें उनकी टीम को 65 मुकाबलों में जीत मिली है। उनका जीत प्रतिशत करीब 59 फीसदी रहा है, जो उनकी शानदार नेतृत्व क्षमता को दिखाता है।

आईपीएल में श्रेयस अय्यर ने दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स जैसी तीन अलग-अलग टीमों की कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स पहली बार आईपीएल 2020 के फाइनल में पहुंची थी, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स को उन्होंने आईपीएल 2024 का खिताब जिताया। इसके अलावा आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स को 11 साल बाद फाइनल तक पहुंचाकर उन्होंने अपनी कप्तानी का दम दिखाया।

घरेलू टी20 क्रिकेट में भी श्रेयस ने मुंबई टीम की सफलतापूर्वक कप्तानी की है। लगातार अच्छे प्रदर्शन और आक्रामक नेतृत्व शैली की वजह से उन्हें भारत की टी20 टीम का अगला कप्तान बनने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

हार्दिक पंड्या के कप्तानी आंकड़े

हार्दिक पंड्या ने कम समय में खुद को टी20 क्रिकेट के सफल कप्तानों में शामिल किया है। उन्होंने अब तक 55 टी20 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 35 मुकाबलों में जीत हासिल की। उनका जीत प्रतिशत करीब 63 फीसदी रहा है, जो उनकी आक्रामक और सकारात्मक कप्तानी को दर्शाता है।

टीम इंडिया के लिए हार्दिक ने 16 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की है, जिसमें भारत को 10 मुकाबलों में जीत मिली। वहीं आईपीएल में उन्होंने गुजरात टाइटंस को अपने पहले ही सीजन 2022 में चैंपियन बनाया था। इसके बाद 2023 में भी टीम को फाइनल तक पहुंचाया। गुजरात टाइटंस के साथ उनका जीत प्रतिशत 71 फीसदी रहा, जो काफी शानदार माना जाता है।

मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने के बाद उनके प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला, लेकिन 2025 में उन्होंने टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाया। बड़े मैचों का अनुभव और आक्रामक नेतृत्व शैली की वजह से हार्दिक पंड्या भी भारत की टी20 टीम की कप्तानी के मजबूत दावेदारों में शामिल हैं।

कप्तानी के लिए किसके पक्ष में हैं Gautam Gambhir?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) इस समय संजू सैमसन के पक्ष में नज़र आ रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह मानी जा रही है कि संजू लगातार टीम इंडिया के टी20 सेटअप का नियमित हिस्सा रहे हैं और उन्होंने बड़े मैचों में शानदार प्रदर्शन भी किया है।

वहीं हार्दिक पंड्या भी टीम के अहम खिलाड़ी हैं, लेकिन फिटनेस समस्याओं की वजह से वह अक्सर टीम से बाहर हो जाते हैं। दूसरी ओर श्रेयस अय्यर फिलहाल भारत की टी20 टीम का नियमित हिस्सा नहीं हैं।

उन्होंने आखिरी बार दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मुकाबला खेला था। ऐसे में नियमित उपलब्धता और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए संजू सैमसन इस रेस में सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं।

ये भी पढ़े : IPL फैंस सावधान! आईपीएल 2026 में फर्जी टिकट का खेल, पुलिस ने मौके से पकड़े 4 आरोपी

Tagged:

team india Gautam Gambhir Sanju Samson T20 Captaincy
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com