IPL फैंस सावधान! आईपीएल 2026 में फर्जी टिकट का खेल, पुलिस ने मौके से पकड़े 4 आरोपी
Table of Contents
IPL 2026 के दौरान फर्जी टिकटों का बड़ा खेल सामने आया है, जिसने क्रिकेट फैंस की सुरक्षा और भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लखनऊ स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम के बाहर एक अंतर-राज्यीय नकली IPL टिकट रैकेट का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़ के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर AI चैटबॉट, ग्राफिक डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मदद से नकली टिकट तैयार कर रहे थे। यह मामला तब सामने आया जब कई फैंस को स्टेडियम के एंट्री गेट पर पता चला कि उनके पास मौजूद टिकट फर्जी हैं।
AI और डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर से तैयार किए गए IPL के नकली टिकट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर IPL टिकटों की हूबहू कॉपी तैयार की थी। गिरफ्तार आरोपियों में 22 वर्षीय विश्वजीत साहू मुख्य डिजाइनर बताया जा रहा है, जिसने कोरलड्रा (CorelDRAW) सॉफ्टवेयर की मदद से टिकटों का डिजाइन तैयार किया।
उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक , इंस्टाग्राम और यूट्यूब से असली टिकटों की तस्वीरें डाउनलोड कीं और उसी आधार पर नकली पास बनाए।
जांच अधिकारियों के अनुसार, गैंग ने टिकट की साइज, पेपर क्वालिटी, फॉन्ट और फॉर्मेटिंग जैसी जानकारियां जुटाने के लिए AI चैटबॉट चैट जीपीटी का इस्तेमाल किया।
आरोपियों ने कोशिश की कि टिकट बिल्कुल असली IPL पास की तरह दिखें ताकि स्टेडियम के बाहर मौजूद क्रिकेट फैंस आसानी से उनके झांसे में आ जाएं। पुलिस का कहना है कि यह रैकेट तकनीक के गलत इस्तेमाल का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।
दिल्ली में किया गया था पहला ट्रायल
पुलिस के मुताबिक, इस गैंग ने सबसे पहले 4 मई को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में IPL मैच के दौरान अपने नकली टिकट ऑपरेशन का ट्रायल किया था। हालांकि वहां उनकी योजना पूरी तरह सफल नहीं हो सकी क्योंकि टिकटों की क्वालिटी और बारकोड डिटेल्स असली टिकटों से मेल नहीं खा रही थीं।
इसके बाद आरोपियों ने अपने डिजाइन में बदलाव किए और लखनऊ में दोबारा टिकट बेचने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि गैंग स्टेडियम के बाहर कम कीमत में टिकट बेचकर क्रिकेट फैंस को आकर्षित करता था। कई लोग सस्ते टिकट के लालच में बिना जांच किए टिकट खरीद लेते थे। आरोपी नकद और UPI दोनों माध्यमों से भुगतान ले रहे थे।
शिकायत के बाद पुलिस ने किया खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब जालौन निवासी प्रदीप सिंह ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्टेडियम के बाहर से दो IPL टिकट खरीदे थे और UPI के जरिए 1000 रुपये का भुगतान किया था। लेकिन जब वह एंट्री गेट पर पहुंचे तो सुरक्षा जांच में टिकट फर्जी निकले।
शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल और सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकली टिकट, डिजाइनिंग सामग्री और डिजिटल उपकरण भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस रैकेट में और कितने लोग शामिल थे।
ये भी पढ़े : RCB vs MI LIVE Streaming डिटेल्स: किस ऐप और चैनल पर आएगा मुंबई बनाम आरसीबी मैच? अभी जान लें पूरी जानकारी
Tagged:
bcci cricket news IPL 2026 Fake IPL Ticket