PBKS vs DC: पंजाब किंग्स को लगातार चौथा झटका, दिल्ली कैपिटल्स ने तीन विकेट से हराया, 22 साल के माधव दिल्ली की जीत में चमके
Published - 11 May 2026, 11:51 PM | Updated - 12 May 2026, 12:03 AM
IPL 2026 के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को रोमांचक मैच में 3 विकेट से हरा दिया। धर्मशाला में खेले गए इस PBKS vs DC के हाई स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन बनाए, लेकिन दिल्ली ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ दिल्ली ने प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा, जबकि पंजाब किंग्स को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। मैच में 22 साल के युवा खिलाड़ी माधव तिवारी ने शानदार पारी खेलकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
पंजाब किंग्स ने दिया 210 रनों का लक्ष्य

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत शानदार रही। PBKS vs DC की इस भिड़ंत में टीम के बल्लेबाजों ने धर्मशाला की बल्लेबाजी के लिए मददगार पिच का पूरा फायदा उठाया। पंजाब की ओर से प्रियांस आर्या का बल्ला आज फिर चला और उन्होंने 33 गेंदों में 56 रन बना डाले।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी धुरंधर बल्लेबाजी करते हुए 59 रनों की पारी खेली, जबकि मध्यक्रम में कूपर कॉनॉली ने भी 38 रन जोड़कर तेजी से स्कोर आगे बढ़ाया। पंजाब ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 210 रन बनाए।
दिल्ली की टीम इस PBKS vs DC मुकाबले में पांच बदलाव के साथ उतरी थी और युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया था। दिल्ली की ओर से मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट प्राप्त किए जबकि एक विकेट मुकेश कुमार ने लिया।
पाकिस्तान और बांग्लादेश दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की 15-15 सदस्यीय टीम का हुआ ऐलान, देखें पूरा स्क्वॉड
PBKS vs DC में दिल्ली कैपिटल्स की शानदार वापसी
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत आक्रामक रही। हालांकि, बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से PBKS vs DC का यह मुकाबला पंजाब की तरफ जाता दिखाई दिया। कप्तान अक्षर पटेल ने आज आगे से टीम को लीड करते हुए 30 गेंदों में 56 रन बना डाले। उनके अलावा मध्यक्रम में डेविड मिलर ने भी 51 रन बनाकर पंजाब की ओर जा रहे मुकाबले को दिल्ली के पाले में धकेल दिया।
लेकिन अंत में आशुतोष शर्मा के साथ 22 साल के युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी ने शानदार बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया। आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों में 24 रनों की तेज तर्रार पारी खेलकर मैच को पूरी तरह दिल्ली की तरफ मोड़ दिया।
बीच में माधव तिवारी ने जो दो बाउंड्री लगाईं, वहां से मैच का रुख बिल्कुल बदल गया। इस युवा खिलाड़ी ने 8 गेंदों में 18 रन बनाकर पंजाब किंग्स से मैच छीन लिया। उनके साथ निचले क्रम में आकिब नबी दार के एक चौके और एक छक्के की मदद से दिल्ली ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर यह PBKS vs DC मुकाबला जीत लिया।
Tim David ने मुंबई इंडियंस को दिखाई 'मिडल फिंगर', बीच मैदान किया अश्लील इशारा, अब होंगे बैन!
लगातार चौथी हार से पंजाब की बढ़ी चिंता
IPL 2026 में शानदार शुरुआत करने वाली पंजाब किंग्स अब लगातार चौथी हार झेल चुकी है। टीम की गेंदबाजी पिछले कुछ मुकाबलों में बड़ी समस्या बनकर सामने आई है। 210 रन जैसा बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद पंजाब अपने गेंदबाजों की खराब डेथ बॉलिंग की वजह से मैच नहीं बचा सकी।
कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए अब प्लेऑफ की रेस और मुश्किल होती जा रही है। दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह जीत बेहद अहम साबित हुई। अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाया और टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं।
इस PBKS vs DC मैच के बाद पॉइंट्स टेबल की लड़ाई और दिलचस्प हो गई है। दिल्ली इस जीत के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि पंजाब चौथे स्थान पर है।
ऑथर के बारे में
सौरभ भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से रेडियो एंड टेलीविजन पत्रकारिता में उच्च शिक्षा प्राप्... रीड मोर