IPL 2027 से पहले 1-2 नहीं बल्कि हो रहे ये 9 बड़े ट्रेड, हार्दिक से लेकर सूर्या तक का नाम शामिल
IPL 2027 Trade Update: आईपीएल का 19वां सीजन खत्म हुए एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अभी भी फैंस के बीच लीग की चर्चा जारी है। विराट कोहली भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की खुमारी से अभी तक बाहर नहीं निकले हैं और उन्होंने 9 जून को सोशल मीडिया पर खास्त पोस्ट शेयर करते हुए खिताबी जीत की ख़ुशी जाहिर की। सीजन की सबसे बड़ी हाईलाइट वैभव सूर्यवंशी और भुवनेश्वर कुमार रहे। 15 साल के वैभव ने तूफानी बल्लेबाजी के साथ गजब की निरंतरता दिखाई और 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने में कामयाब रहे। वहीं, 36 साल के भुवी पर्पल कैप जीतने से चूक गए, लेकिन 28 विकेट लेकर कमाल कर दिया।
इस सीजन के खत्म होने के बाद, IPL 2027 को लेकर हलचल शुरू हो गई है। BCCI द्वारा अगले सीजन का विंडो 14 मार्च से 30 मई घोषित किया गया है। इसके साथ ही लीग के 20 सीजन पूरे हो जाएंगे। हालांकि, आगामी सीजन में अभी काफी समय बाकी है लेकिन कई बड़े खिलाड़ियों के ट्रेड होकर दूसरी टीमों में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। ट्रेड के माध्यम से एक टीम दूसरी टीम से किसी खिलाड़ी को ले सकती है। इसके बदले में कोई खिलाड़ी दिया जा सकता है या फिर पैसों का इस्तेमाल होता है।
IPL 2027 के लिए हार्दिक-सूर्या की टीम बदलने के सबसे ज्यादा आसार, पंत-पूरन भी शामिल

आईपीएल 2026 में हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी की थी, जबकि सूर्यकुमार यादव एक खिलाड़ी के तौर पर शामिल थे लेकिन जिन मैचों में हार्दिक उपलब्ध नहीं थे, उनमें कमान भी संभाली। हालांकि, अब इन दोनों खिलाड़ियों की टीम IPL 2027 के लिए बदल सकती है। हार्दिक के मुंबई फ्रेंचाइजी छोड़ने की खबरे तेज हैं। रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि वे चेन्नई सुपर किंग्स या पंजाब किंग्स में जा सकते है। वहीं, सूर्यकुमार यादव को लेकर जानकारी सामने आई है कि उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स अपने साथ जोड़ने को देख रही है और कप्तान भी बना सकती है। सूर्या पहले भी कोलकाता फ्रेंचाइजी के साथ नजर आ चुके हैं।
इन दोनों के अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ दो सीजन कप्तान के रूप में नजर आने वाले ऋषभ पंत IPL 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स में वापस आ सकते हैं या फिर कोलकाता नाइट राइडर्स में जा सकते हैं। पंत को मेगा ऑक्शन में लखनऊ की टीम ने 27 करोड़ की रिकॉर्ड धनराशि में खरीदा था लेकिन उनका प्रदर्शन और कप्तानी दोनों ही सवालों के घेरे में रही। पंत के अलावा LSG में शामिल निकोलस पूरन के भी ट्रेड की ख़बरें हैं। माना जा रहा है कि वे मुंबई इंडियंस में आ सकते हैं।
श्रेयस और अक्षर समेत इन खिलाड़ियों के भी IPL 2027 से पहले ट्रेड होने के आसार
पंजाब किंग्स के साथ लगातार दो सीजन से नजर आ रहे कप्तान श्रेयस अय्यर के भी IPL 2027 में ट्रेड होने की संभावना है। माना जा रहा है कि श्रेयस अपनी घरेलू फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस में आ सकते हैं। दरअसल, श्रेयस मुंबई के खिलाड़ी हैं और डोमेस्टिक में भी अपनी स्टेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसी वजह से उनकी अपनी घरेलू आईपीएल टीम में शामिल होने के आसार हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल के भी IPL 2027 में ट्रेड होने की संभावना है। दिल्ली के लिए अक्षर हालिया सीजन में ज्यादा कुछ खास नहीं कर पाए। इसी वजह से दिल्ली की टीम उन्हें ट्रेड कर सकती है और अक्षर को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स दिलचस्पी दिखा रही है। वहीं, LSG के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेने में पांच बार की आईपीएल विनर चेन्नई सुपर किंग्स इच्छुक दिख रही है।
सचिन तेंदुलकर के लाडले अर्जुन तेंदुलकर की भी IPL 2027 में टीम बदल सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अर्जुन को एक बार फिर मुंबई इंडियंस ट्रेड के माध्यम से स्क्वाड का हिस्सा बना सकती है। ऑलराउंडर रमनदीप सिंह काफी समय से कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं लेकिन अगले सीजन वे मुंबई इंडियंस में नजर आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: आयरलैंड-इंग्लैंड टी20 सीरीज से बाहर हुए Mohammed Siraj, रिप्लेसमेंट का भी BCCI ने किया ऐलान
Tagged:
Suryakumar Yadav shreyas iyer hardik pandya chennai super kings rishabh pant Mumbai Indians Nicholas Pooran Mohammed Shami IPL 2027