IND vs SL: श्रीलंका पर पारी की हार का खतरा, 265/8 पर तीसरे दिन का खेल खत्म; भारत से 238 रन पीछे
Table of Contents
IND vs SL: कोलंबो में खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच के तीसरे दिन का खेल बारिश के कारण जल्दी समाप्त हो गया। दिन के खेल में श्रीलंका (Sri Lanka) के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। सोनल दिनुशा और पसिन्दु सूरियाबंदारा ने शानदार पारियां खेलकर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने की कोशिश की।
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 83.4 ओवर में 8 विकेट खोकर 265 रन बना लिए हैं। हालांकि, अभी भी पारी से हार का खतरा टला नहीं है, क्योंकि मेजबान टीम फॉलोऑन टालने के लिए जरूरी स्कोर से 39 रन पीछे है। भारत ने अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की थी।
Sri Lanka को शुरुआत में ही लगा तीसरा झटका, सूरियाबंदारा-मेंडिस ने पारी को संभाला

कोलंबो टेस्ट के तीसरे दिन श्रीलंका ने अपनी पारी 8/2 के स्कोर से आगे शुरू की। हालांकि, तीसरा झटका लगने में ज्यादा समय नहीं लगा और 35 के स्कोर पर कामिल मिशारा (19) को प्रसिद्ध कृष्णा ने चलता किया। इसके बाद, पसिन्दु सूरियाबंदारा और कामिन्दु मेंडिस की जोड़ी ने मोर्चा संभालता। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 87 रन जोड़े लेकिन लंच से पहले मेंडिस 32 रन बनाकर आउट हो गए।
हालांकि, दूसरे छोर से सूरियाबंदारा ने कमाल की बल्लेबाजी की और उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया। पहले सत्र की समाप्ति तक श्रीलंका ने 130/4 का स्कोर बनाया।
सूरियाबंदारा का अर्धशतक, धनंजय-डिकवेला रहे फ्लॉप
दूसरे सेशन की शुरुआत बारिश के कारण देर से हुई। हालांकि, इसके बाद खेल जब शुरू हुआ तो 137 के स्कोर पर श्रीलंका को पांचवां झटका लगा और कप्तान धनंजय डी सिल्वा 8 रन बनाकर आउट हो गए। अपने पहले टेस्ट शतक की तरफ बढ़ रहे पसिन्दु सूरियाबंदारा भी 80 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। उनका विकेट रवींद्र जडेजा ने झटका। नंबर-8 पर बल्लेबाजी करने आए निरोशन डिकवेला अपना खाता भी नहीं खोल पाए और चलते बने।
भारतीय गेंदबाजों के आगे दिनुशा ने फिर संभाला मोर्चा, चौथे दिन रहेगी बड़ी जिम्मेदारी
इस सीरीज में ज्यादातर श्रीलंकाई बल्लेबाज जूझते नजर आए लेकिन बाएं हाथ के खिलाड़ी सोनल दिनुशा (85*) ने फिर से टीम इंडिया की टेंशन बढ़ाने का काम किया। दिनुशा ने लगातार तीसरी बार सीरीज में 80 से ज्यादा का स्कोर बनाया और भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। उनकी शानदार बल्लेबाजी के कारण ही श्रीलंकाई टीम फॉलोऑन टालने के करीब हैं।
अब चौथे दिन दिनुशा के साथ-साथ लाहिरू कुमारा (8*) और असिथा फर्नांडो पर पारी की हार से बचने के लिए 39 रन बनाने की जिम्मेदारी होगी। ऐसा हुआ तभी शायद भारत को मजबूरन दोबारा बल्लेबाजी के लिए आना पड़े। श्रीलंकाई पारी में टीम इंडिया के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए हैं।
यह भी पढ़ें: Report: एमएस धोनी ने CSK से किया किनारा, टीम और माही के बीच बड़ी खटास
Tagged:
team india Prasidh Krishna Sri Lanka Cricket team Manav Suthar Shehan Jayasuriya Sonal Dinusha IND vs SL Colombo Test