IND vs ENG, HEAD TO HEAD: हिस्ट्री में किसका पलड़ा हैं भारी, जानें कागजों में क्या कहता दोनों टीम के बीच का इतिहास
IND vs ENG : टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है और सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच एक बार फिर हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा।
5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मैच पर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी होंगी। भारतीय टीम तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने के मिशन पर है और इसके लिए उसे सिर्फ दो कदम और आगे बढ़ना है।
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया शानदार लय में नजर आ रही है और इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाना चाहेगी। खास बात यह है कि पिछले तीन टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी बार भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे, जिससे यह मुकाबला और भी रोमांचक बन गया है।
IND vs ENG : ओवरऑल टी20 में भारत का पलड़ा भारी
अगर भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों की बात करें तो यहां टीम इंडिया का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 29 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 17 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड को 12 मुकाबलों में सफलता मिली है।
आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो भारत का रिकॉर्ड बेहतर जरूर है, लेकिन इंग्लैंड ने भी कई मौकों पर भारत को कड़ी टक्कर दी है। यही वजह है कि जब भी ये दोनों टीमें टी20 फॉर्मेट में आमने-सामने होती हैं तो मुकाबला काफी रोमांचक हो जाता है।
टी20 वर्ल्ड कप में भी कांटे की टक्कर
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच जबरदस्त मुकाबले देखने को मिले हैं। दोनों टीमों के बीच इस टूर्नामेंट में अब तक कुल 5 मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 3 मुकाबले जीते हैं जबकि इंग्लैंड को 2 मैचों में जीत मिली है। खास बात यह है कि इन पांच मुकाबलों में दो मैच सेमीफाइनल के रहे हैं।
2022 के टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि 2024 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए 68 रन से जीत दर्ज की और हिसाब बराबर कर लिया।
2007 से शुरू हुई यादगार टक्कर
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) पहली बार साल 2007 में आमने-सामने आए थे। इस मुकाबले को युवराज सिंह के ऐतिहासिक छह छक्कों के लिए आज भी याद किया जाता है। युवराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड की लगातार छह गेंदों पर छह छक्के लगाकर टी20 क्रिकेट के सबसे यादगार पलों में से एक रचा था।
भारत ने उस मैच में 218 रन बनाए थे और इंग्लैंड को 18 रन से हरा दिया था। इसके बाद 2009 में इंग्लैंड ने भारत को हराकर पिछली हार का बदला लिया, जबकि 2012 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को बड़ी हार दी थी।
वानखेड़े स्टेडियम में बराबरी की टक्कर
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की बात करें तो यहां भी दोनों टीमों के बीच दिलचस्प आंकड़े देखने को मिलते हैं। इस मैदान पर टी20 फॉर्मेट में भारत और इंग्लैंड दो बार आमने-सामने आ चुके हैं और दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबला जीता है।
2012 में इंग्लैंड ने यहां 6 विकेट से जीत दर्ज की थी, जबकि 2025 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 150 रन से बड़ी जीत हासिल की थी।
ऐसे में अब जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल इसी मैदान पर खेला जाएगा तो दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। जो भी टीम इस मुकाबले में जीत दर्ज करेगी, वह सीधे फाइनल में पहुंचकर खिताब के एक कदम और करीब पहुंच जाएगी।
Tagged:
Ind vs Eng cricket news head to head T20 World Cup 2026