अगर IPL 2027 से पहले हार्दिक पांड्या हुए ट्रेड, कप्तानी के लिए ये 2 खिलाड़ी होंगे सबसे बड़े दावेदार
Hardik Pandya Trade: आईपीएल 2026 के समापन के बाद कई खिलाड़ियों के अगले सीजन नई टीम में नजर आने की प्रबल संभावना नजर आ रही है। कुछ खिलाड़ियों को खराब प्रदर्शन के कारण रिलीज किया जा सकता है और फिर उन्हें मिनी ऑक्शन के माध्यम से दूसरी टीम खरीद सकती है। वहीं, कुछ अनसोल्ड भी रह सकते हैं। अगर स्टार खिलाड़ियों की बात करें तो हार्दिक पांड्या भी चर्चा का विषय बने हुए हैं, जो मुंबई इंडियंस के कप्तान हैं और पिछले तीन सीजन से इसी टीम से जुड़े हुए हैं।
मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को 2024 के सीजन से पहले गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया था और फिर उन्हें अपना कप्तान भी बनाया था। हालांकि, हार्दिक को जिन उम्मीदों के कारण लाया गया था, वे उन पर एक लीडर और खिलाड़ी के तौर पर खरे नहीं उतरे। वहीं, हार्दिक भी मुंबई फ्रेंचाइजी से खुश नहीं हैं और मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था कि टीम के सीनियर खिलाड़ियों से शायद उन्हें पर्याप्त समर्थन नहीं मिला, इससे ये ऑलराउंडर खिलाड़ी थोड़ा निराश था। ऐसे में IPL 2027 से पहले हार्दिक के नई टीम में जाने की संभावना नजर आ रही है।
Hardik Pandya ट्रेड होकर IPL 2027 में नई टीम का थामेंगे हाथ?

आईपीएल के 20वें सीजन के लिए अभी 9 महीने से ज्यादा का समय बाकी है लेकिन हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) और मुंबई इंडियंस के रिश्ते ख़राब होने की खबरें हालिया सीजन के दौरान और उसके बाद चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि इन सभी चीजों के कारण हार्दिक को मुंबई इंडियंस किसी दूसरी टीम में ट्रेड कर सकती है। नई टीमों में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम मुख्य रूप से सामने आ रहे हैं। इन दोनों ही टीमों में एक अच्छे भारतीय ऑलराउंडर की कमी है और इसको हार्दिक पूरी कर सकते हैं।
हालांकि, सवाल उठता है कि अगर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को ट्रेड किया जाता है तो फिर आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस का कप्तान कौन होगा, क्योंकि मौजूदा कैप्टेन हार्दिक ही हैं।
मुंबई इंडियंस के पास हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) के ट्रेड होने पर कप्तानी के दो विकल्प मौजूद
आईपीएल में मुंबई इंडियंस को सबसे कामयाब टीमों में से एक माना जाता है, क्योंकि यह टीम पांच बार IPL जीत चुकी है। हालांकि, पिछले छह सीजन से मुंबई की टीम खिताब नहीं जीत पाई है। ये सभी टाइटल MI ने रोहित शर्मा की कप्तानी में जीते थे, लेकिन अब वे अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं।
इसी वजह से हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) के ट्रेड के बाद रोहित को वापस कप्तान बनाना पीछे जाने वाला फैसला होगा। वहीं, बात करें सूर्यकुमार यादव की तो वे भी टीम का अहम हिस्सा हैं लेकिन अब उनका हालिया फॉर्म एक बड़ी चिंता है और इसी वजह से उन्हें टीम इंडिया की टी20 में कप्तानी गंवानी पड़ी और अपनी जगह से भी हाथ धोना पड़ा।
ऐसे में मुंबई इंडियंस के पास अब दो सबसे मजबूत विकल्प जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा हैं। ये दोनों खिलाड़ी अपने आईपीएल करियर की शुरुआत से ही इस टीम का हिस्सा रहे हैं और इन्हें माहौल की अच्छी जानकारी है। बुमराह ने आईपीएल 2026 में एक मैच के लिए मुंबई की कप्तानी भी की थी। इसके अलावा, वे टेस्ट में टीम इंडिया की भी कमान संभाल चुके हैं। दूसरी तरफ, तिलक के पास आईपीएल में कैप्टेंसी का अनुभव नहीं है लेकिन वे घरेलू क्रिकेट में हैदराबाद की कप्तानी कर चुके हैं और हाल ही में उन्हें इंडिया ए का भी कप्तान नियुक्त किया गया है। इसी वजह से तिलक भी एक मजबूत विकल्प नजर आते हैं।
यह भी पढ़ें: 4 कारण क्यों मानव सुथार बन सकते हैं रवींद्र जडेजा के सबसे बड़े उत्तराधिकारी, टेस्ट टीम में जगह लगभग पक्की