ZIM vs IND: भारत के खिलाफ T20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे ने किया टीम का ऐलान, इन 15 खिलाड़ियों को मिली जगह
Table of Contents
Zimbabwe Squad for T20I Series: बांग्लादेश के बाद, अब जिम्बाब्वे की टीम भारत की मेजबानी को तैयार है। जिम्बाब्वे ने टेस्ट और वनडे में बांग्लादेश के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से हार का सामना किया।
इतने ही मैचों की टी20 सीरीज टीम इंडिया के खिलाफ भी जिम्बाब्वे (Zimbabwe) को हरारे में खेलनी है। सीरीज की शुरुआत 23 जुलाई से होगी। इसके लिए जिम्बाब्वे ने अपना 15 सदस्यीय स्क्वाड घोषित कर दिया है, जिसमें पिछली सीरीज की तुलना में तीन बदलाव हैं।
टीम इंडिया के खिलाफ सिकंदर रजा संभालेंगे Zimbabwe की कमान

बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में हार के बावजूद जिम्बाब्वे (Zimbabwe) ने कप्तानी के लिए अपने अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा पर भरोसा कायम रखा है। रजा गेंद और बल्ले दोनों से मैच विनर खिलाड़ी हैं। हालांकि, रजा का जादू बांग्लादेश के खिलाफ बल्लेबाजी में नहीं चला था और तीन पारियों में वो सिर्फ 51 रन ही बना पाए थे। वहीं, गेंदबाजी में 3 विकेट लिए थे। ऐसे में भारत के खिलाफ उनसे बेहतर प्रदर्शन की आस होगी।
32 वर्षीय का पहली बार हुआ चयन, इन दो खिलाड़ियों की भी वापसी
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे (Zimbabwe) ने 32 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज तफदज़वा त्सिगा को चुना है। उनका पहली बार टी20 टीम में चयन हुआ है लेकिन टेस्ट में 10 मुकाबले खेल चुके हैं। उनके पास अब सबसे छोटे फॉर्मेट में खुद को साबित करने का मौका रहेगा। बांग्लादेश टी20 सीरीज मिस करने वाले बल्लेबाजी ऑलराउंडर वेस्ली मधेवेरे और तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामुरी की भी वापसी हुई है।
इन तीनों ने बांग्लादेश के खिलाफ स्क्वाड का हिस्सा रहने वाले क्लाइव मदांडे, टिनोटेन्डा मापोसा और ताशिंगा मुसेकीवा की जगह ली है। वहीं, बांग्लादेश श्रृंखला के लिए न्यामुरी के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में आए तनाका चिवंगा ने अपना स्थान बरकरार रखा है।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का 15 सदस्यीय स्क्वाड
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, वेस्ली मधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, मिल्टन शुम्बा, तफदज़वा त्सिगा (विकेटकीपर)
जिम्बाब्वे और भारत के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का शेड्यूल
- पहला T20I: 23 जुलाई, हरारे स्पोर्ट्स क्लब
- दूसरा T20I: 25 जुलाई, हरारे स्पोर्ट्स क्लब
- तीसरा T20I: हरारे स्पोर्ट्स क्लब
नोट: जिम्बाब्वे और भारत के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के सभी मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 4:30 बजे से शुरू होंगे।
यह भी पढ़ें: अजीत अगरकर की छुट्टी तय, रोहित शर्मा का खास यार बनेगा टीम इंडिया का नया चीफ सेलेक्टर