W,W,W.... MLC में चाहिए थे 6 बॉल पर 6 रन, लेकिन CSK बॉलर ने ले डाली हैट्रिक, रचा इतिहास
Table of Contents
CSK's bowler takes hat-trick in MLC 2026: आईपीएल 2026 का रोमांच खत्म हुए एक महीना भी नहीं हुआ और अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट का चौथा सीजन शुरू हो गया। इसमें भी कई स्टार खिलाड़ी खेल रहे हैं, जिनकी टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। आईपीएल फ्रेंचाइजी CSK के मालिकाना हक़ वाली टेक्सास सुपर किंग्स भी इस विदेशी लीग में शामिल है।
28 जून को MLC 2026 में खेले गए 13वें मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स का सामना वाशिंगटन फ्रीडम से हुआ। इस मुकाबले के अंतिम ओवर में रोमांच की सभी हदें पार हो गईं, क्योंकि TSK के स्टार स्पिनर ने हैट्रिक लेकर अपनी टीम को जिताने का माहौल बना दिया था लेकिन आखिरी गेंद पर लगे छक्के की मदद से वाशिंगटन फ्रीडम को जीत हासिल हो गई।
MLC 2026 में पहली हैट्रिक रही CSK के लिए खेलने वाले गेंदबाज के नाम

अमेरिका में खेली जा रही MLC 2026 के सीजन में इस बार सबसे पहली हैट्रिक लेने का कारनाम ऐसे गेंदबाज ने किया है, जो हालिया आईपीएल में CSK के लिए खेला था। अब इस खिलाड़ी ने TSK के लिए भी कमाल करने का काम किया है। यह गेंदबाज कोई और नहीं, बल्कि स्टार स्पिनर अकील हुसैन हैं।
अकील हुसैन ने वाशिंगटन फ्रीडम की पारी के अंतिम ओवर में हैट्रिक लेने का कारनामा किया। उन्होंने दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर विकेट झटके और MLC 2026 में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने।
अकील हुसैन की हैट्रिक के बावजूद MLC 2026 के 13वें मैच में TSK को मिली हार
MLC 2026 के 13वें मैच में वाशिंगटन फ्रीडम को 186 के लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी ओवर में जीत के लिए 6 रन बनाने थे। क्रीज पर निखिल चौधरी और मार्को जानसेन थे। ऐसे में टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डू प्लेसी ने गेंदबाजी की जिम्मेदारी स्पिन गेंदबाज अकील हुसैन को सौंपी। ओवर की पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया, लेकिन दूसरी गेंद पर अकील ने मार्को को आउट कर दिया।
इसके बाद, अमिला एपोन्सो और आसिफ महमूद को भी पवेलियन भेजकर अपनी हैट्रिक पूरी की। हालांकि, पांचवीं गेंद पर लेग बाई के कारण एक रन मिला, जिसकी वजह से निखिल स्ट्राइक पर आ गए। अंतिम गेंद पर निखिल ने डीप मिड-विकेट पर छक्का जड़कर अपनी टीम को रोमांचक मैच में जीत दिला दी।
ऐसा रहा मैच का हाल
ऑकलैंड में खेले गए इस मुकाबले के हाल की बात करें तो टेक्सास सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185/4 का स्कोर बनाया, जिसमें डोनोवन फरेरा ने नाबाद 44 और वियन मुल्डर ने नाबाद 43 रन का योगदान दिया। वाशिंगटन फ्रीडम की तरफ से निखिल चौधरी ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए वाशिंगटन फ्रीडम ने पूरे ओवर खेलकर 187/9 का स्कोर बनाया। ओपनर मिचेल ओवन ने सबसे ज्यादा 77 रनों की पारी खेली। वहीं, कप्तान स्टीव स्मिथ ने 30 रन बनाए, जबकि निखिल चौधरी के बल्ले से 27 रनों की नाबाद पारी आई। टेक्सास सुपर किंग्स के लिए अकील हुसैन ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: IND vs IRE: बारिश के कारण सीरीज हारने का खतरा? दूसरे मुकाबले से पहले मौसम का बड़ा अपडेट