Women's T20WC 2026 Prize Money: ट्रॉफी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने जीते करोड़ों, भारत को मिला इतना इनाम
Table of Contents
Women's T20WC 2026 Prize Money: इंग्लैंड की मेजबानी में 12 जून से 5 जुलाई तक महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन हुआ। रविवार को फाइनल खेला गया, जिसमें मेजबान इंग्लैंड टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने सातवीं बार टूर्नामेंट अपने नाम किया। वहीं, घरेलू सरजमीं पर इंग्लैंड का खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान नैट स्कीवर-ब्रंट की 58 रनों की नाबाद पारी की मदद से 150/4 का स्कोर बनाया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में ही 3 विकेट के नुकसान पर 153 रन बनाकर लक्ष्य हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। ओपनर बेथ मूनी ने 64 रनों का योगदान दिया। चैंपियन बनने के कारण ऑस्ट्रेलिया को जबरदस्त फायदा हुआ, क्योंकि उसे करोड़ों की प्राइज मनी मिली।
T20WC 2026 का खिताब जीतने पर ऑस्ट्रेलिया महिला टीम को ICC ने किया मालामाल

ICC ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पिछले संस्करण की तुलना में कुल प्राइज मनी में 10% की वृद्धि की थी। इस बार 8,764,615 डॉलर का प्राइज पूल सेट किया, जबकि 2024 में 79,58,077 डॉलर था। अगर इस बार की इनामी राशि को भारतीय करेंसी में बदलें तो यह लगभग ₹83.45 करोड़ रुपये होती है।
ऐसे में चैंपियन बनने वाली ऑस्ट्रेलिया को विजेता के रूप में $2,340,000 की इनामी राशि दी गई है। भारतीय रुपयों में इसकी वैल्यू ₹22.28 करोड़ रुपये के आसपास है।
इंग्लैंड को T20WC 2026 उपविजेता के रूप में मिली इतनी रकम
मेजबान इंग्लैंड का भले ही अपने घर पर T20WC 2026 जीतने का सपना पूरा न हुआ हो लेकिन उपविजेता के रूप में उसे भी मोटी रकम मिली है। ICC द्वारा इस बार फाइनल हारने वाली टीम के लिए $1,170,000 की प्राइज मनी घोषित की गई थी। इसी वजह से इंग्लैंड को ₹11.14 करोड़ करोड़ रूपये मिले हैं।
इसके अलावा सेमीफाइनल हारकर बाहर होने वाली वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका को भी प्राइज मनी मिली है। प्रत्येक के हिस्से में $675,000 (₹6.43 करोड़) आए हैं। वेस्टइंडीज को ऑस्ट्रेलिया ने हराकर T20WC 2026 से बाहर किया था। जबकि दक्षिण अफ्रीका को इंग्लैंड के हाथों हार मिली थी।
T20WC 2026 के ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीम इंडिया की प्राइज मनी
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन T20WC 2026 में खास नहीं रहा। इसी वजह से उसे ग्रुप स्टेज से ही बाहर होना पड़ा। इसके बावजूद टीम इंडिया को मोटी रकम मिली है। इसके पीछे की अहम वजह ICC द्वारा टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 12 टीमों के लिए कम से कम $247,500 (₹2.36 करोड़) की इनामी राशि की घोषणा थी।
वहीं, ग्रुप स्टेज में प्रत्येक जीत के लिए $31,154 (₹29.66 लाख) की इनामी राशि का ऐलान किया गया था। इसी वजह से भारत को न्यूनतम राशि के साथ $93,462 (₹88.98 लाख) अलग से मिले। पाकिस्तान ने एक ही ग्रुप जीत हासिल की थी। इसी वजह से पाकिस्तान के हिस्से में ₹29.66 लाख रुपये आए।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी डेब्यू में हुए फ्लॉप, जानें अब अगले मुकाबले में मिलेगा मौका या बैठेंगे प्लेइंग-11 से बाहर
Tagged:
icc india women cricket team england women cricket team Australia Women Team Women's T20 World Cup 2026