कौन हैं Nahid Rana? जो पाकिस्तान का बन चुके काल, अब 150kmph वाले इस पेसर को मिलेगा IPL का टिकट

Published - 13 May 2026, 03:31 PM | Updated - 13 May 2026, 03:54 PM

Nahid Rana

Nahid Rana : बांग्लादेश क्रिकेट की पहचान लंबे समय तक स्पिन गेंदबाज़ों के दम पर रही है, लेकिन अब एक युवा तेज़ गेंदबाज़ ने इस सोच को बदलकर रख दिया है। 22 साल के नाहिद राणा (Nahid Rana) अपनी रफ्तार, उछाल और आक्रामक गेंदबाज़ी से दुनिया भर में चर्चा का विषय बन चुके हैं।

6.5 फीट लंबे इस तेज़ गेंदबाज़ ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में ऐसी गेंदबाज़ी की कि बड़े-बड़े बल्लेबाज़ भी उनके सामने टिक नहीं सके।

लगातार 150 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले नाहिद राणा (Nahid Rana) अब सिर्फ बांग्लादेश ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे खतरनाक युवा पेसरों में गिने जा रहे हैं। यही वजह है कि अब IPL फ्रेंचाइज़ी की नज़रें भी इस स्टार गेंदबाज़ पर टिक गई हैं।

चपाई नवाबगंज से इंटरनेशनल क्रिकेट तक का सफर

नाहिद राणा (Nahid Rana) का क्रिकेट सफर बेहद दिलचस्प रहा है। बांग्लादेश के चपाई नवाबगंज से आने वाले राणा ने प्रोफेशनल क्रिकेट काफी देर से शुरू किया था। 18 साल की उम्र तक वह सिर्फ टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते थे।

उनकी तेज़ रफ्तार और लंबे कद ने घरेलू क्रिकेट में सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके बाद उन्हें तेजी से बांग्लादेश की घरेलू टीमों में मौके मिलने लगे।

मार्च 2024 में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया और पहले ही मैच में अपनी प्रतिभा दिखा दी। डेब्यू टेस्ट के पहले दिन ही उन्होंने 3 विकेट लेकर यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ रफ्तार ही नहीं, बल्कि विकेट निकालने की कला भी जानते हैं।

पाकिस्तान के खिलाफ बना सबसे बड़ा हथियार

नाहिद राणा (Nahid Rana) ने असली सुर्खियां पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में बटोरीं। रावलपिंडी टेस्ट में उन्होंने 152 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर बांग्लादेश क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज़ गेंद का रिकॉर्ड बना दिया। उनकी गेंदों की गति और उछाल के सामने पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज़ पूरी तरह असहाय नजर आए।

मीरपुर टेस्ट में तो राणा ने कहर ही बरपा दिया। पाकिस्तान को चौथी पारी में 268 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन नाहिद राणा की घातक गेंदबाज़ी के आगे पूरी टीम सिर्फ 163 रन पर ढेर हो गई।

राणा ने 40 रन देकर 5 विकेट झटके और बांग्लादेश को 104 रन की ऐतिहासिक जीत दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। शान मसूद, सऊद शकील और दूसरे बड़े बल्लेबाज़ उनके सामने टिक नहीं सके।

आखिर क्यों इतने खतरनाक हैं Nahid Rana ?

नाहिद राणा (Nahid Rana) की सबसे बड़ी ताकत उनका लंबा कद और लगातार तेज़ रफ्तार से गेंदबाज़ी करना है। 6.5 फीट की ऊंचाई के कारण उन्हें पिच से अतिरिक्त बाउंस मिलता है, जिससे बल्लेबाज़ों को गेंद समझने में काफी दिक्कत होती है। वह सिर्फ एक-दो गेंद तेज़ नहीं डालते, बल्कि पूरे स्पेल में 145 से 152 किमी प्रति घंटे की रफ्तार बनाए रखते हैं।

राणा अक्सर बैक ऑफ लेंथ गेंदबाज़ी करते हैं, जिससे गेंद सीधे बल्लेबाज़ के शरीर की तरफ आती है। यही कारण है कि बल्लेबाज़ उनके खिलाफ खुलकर शॉट खेलने से बचते हैं। कम उम्र में इतनी रफ्तार और नियंत्रण उन्हें बाकी गेंदबाज़ों से अलग बनाते हैं।

IPL फ्रेंचाइजियों की नजर में आए नाहिद राणा

टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद अब माना जा रहा है कि नाहिद राणा (Nahid Rana) को जल्द ही IPL का टिकट मिल सकता है। IPL टीमों की नजर हमेशा ऐसे तेज़ गेंदबाज़ों पर रहती है जो लगातार 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाज़ी कर सकें। पाकिस्तान के खिलाफ उनकी मैच जिताऊ गेंदबाज़ी ने उन्हें दुनियाभर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच चर्चा का विषय बना दिया है।

अब तक अपने छोटे से टेस्ट करियर में नाहिद राणा 11 मैचों में 33 विकेट हासिल कर चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 रहा है। जिस तरह से वह लगातार अपनी गेंदबाज़ी में सुधार कर रहे हैं, उसे देखते हुए आने वाले समय में वह बांग्लादेश क्रिकेट के सबसे बड़े मैच विनर बन सकते हैं।

ये भी पढ़े : जिसे Virat Kohli मानते थे छोटा भाई, RCB में दिलाया मौका! उसी खिलाड़ी ने छोड़ी टीम इंडिया, UAE से कर लिया डेब्यू

Tagged:

bangladesh cricket team cricket news ban vs pak Nahid Rana
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com