कौन हैं ODI के 3 सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज? एबी डिविलियर्स ने लिया इन तीनों दिग्गजों का नाम

Published - 10 Oct 2026, 04:10 PM | Updated - 10 Oct 2026, 04:40 PM

AB De Villiers 2

दक्षिण अफ़्रीकी दिग्गज एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) इन दिनों यूएई में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स 2026 में हिस्सा ले रहे हैं। वे दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस के कप्तान हैं और बल्ले से धमाल मचा रहे हैं। बीते दिन यानी 9 अक्टूबर को उन्होंने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ तूफानी पारी खेली और इस लीग के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक बना दिया।

इस लीग का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क कर रहा है, जिसके साथ खास इंटरव्यू में एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) ने क्रिकेट के आठ अलग-अलग बैटिंग स्किल्स के लिए सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों को चुनकर अपने पसंदीदा वनडे बल्लेबाजों की सूची बनाई है। इसमें उन्होंने कुछ प्रमुख नामों को जगह दी है लेकिन सचिन तेंदुलकर को बाहर रखा है, जिनके नाम ODI में सबसे ज्यादा रन हैं।

रोहित और कोहली दोनों का AB de Villiers ने किया चयन

AB De Villiers 3

42 वर्षीय एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) ने अपनी अल्टीमेट वनडे बल्लेबाजों की लिस्ट में भारत के रोहित शर्मा, विराट कोहली और एमएस धोनी तीनों को जगह दी है। डिविलियर्स ने कवर ड्राइव के लिए विराट और फ्लिक शॉट के लिए रोहित को चुना। उन्होंने कोहली की तकनीक की तारीफ़ की और कहा कि उनका यह चुनाव आम राय के बजाय बल्लेबाज के कौशल पर आधारित था।

कोहली और रोहित की तारीफ में इस दिग्गज ने कहा,

"विराट कोहली। हर कोई यही कहता है, लेकिन मैं सिर्फ़ इसलिए नहीं कह रहा कि सब ऐसा कहते हैं। इस मामले में वह माहिर हैं। रोहित शर्मा का वह फ्लिक शॉट—उसमें ज़बरदस्त टाइमिंग और हुनर ​​दिखता है, और उसे देखना वाकई बहुत शानदार लगता है।"

धोनी की सिक्स हिटिंग की तारीफों के बांधे पुल

विकेटों के बीच दौड़ के लिए विराट कोहली के साथ एबी डिवलियर्स (AB de Villiers) ने खुद को चुना लेकिन सिक्स हिटिंग के लिए एमएस धोनी पर दांव लगाया। उन्होंने कहा,

"एमएस धोनी। वे बहुत आक्रामक थे, खासकर अपने बेहतरीन दौर में। एमएस जब चाहें छक्का मार सकते थे, और 2011 के वनडे फाइनल में लगाया गया छक्का तो खास तौर पर याद रहता है।"

इन दिग्गजों को भी डिविलियर्स ने चुना

एबी डिविलियर्स ने स्ट्रेट ड्राइव के लिए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू हेडन, पुल शॉट के लिए रिकी पोंटिंग और कट शॉट के लिए दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक्स कैलिस को चुना। वहीं, स्वीप शॉट के लिए उन्होंने पाकिस्तान के बल्लेबाज यूनिस खान को चुना। डिविलियर्स ने कहा,

"स्ट्रेट ड्राइव के लिए मैथ्यू हेडन। वह गेंद को इतनी जोर से मारते थे कि उनके बल्ले से टकराते ही जोरदार आवाज आती थी, इसलिए स्ट्रेट ड्राइव के लिए मैथ्यू हेडन का चुनाव बहुत खास है। स्वीप शॉट के लिए मेरा चुनाव कुछ लोगों को थोड़ा हैरान करने वाला लगे, लेकिन यूनिस खान अच्छा खेलते थे।"

यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में बना शर्मनाक रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बने भारत के पहले कप्तान

Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com