वेस्टइंडीज सीरीज के लिए कब चुनी जाएगी टीम इंडिया? चयन को लेकर फंसे कई पेंच, यहां जानिए पूरा अपडेट
Table of Contents
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलने में व्यस्त टीम इंडिया (Team India) को सितंबर-अक्टूबर में वेस्टइंडीज की मेजबानी करनी है। कैरेबियाई टीम 3 वनडे और पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारत के दौरे पर आएगी। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज 27 सितंबर से शुरू होगी। वहीं, टी20 सीरीज 6 अक्टूबर से खेली जाएगी।
इन दोनों ही सीरीज के लिए भारतीय टीम के स्क्वाड कब घोषित किए जाएंगे, इसको लेकर लगातार चर्चा हो रही थी लेकिन अब तारीख का खुलासा हो गया है। हालांकि, चयन को लेकर काफी माथापच्ची भी चल रही है, क्योंकि वनडे सीरीज का टकराव 24 सितंबर से खेले जाने वाले एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट से होगा। इसी वजह से भारतीय टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
वेस्टइंडीज सीरीज के लिए इस दिन होगी Team India के स्क्वाड की घोषणा
अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम तीन मैचों की टी20 सीरीज दिल्ली में खेल रही है। इसका पहला मुकाबला 13 सितंबर को हुआ और अगले दो मैच 15 और सितंबर को होंगे। वहीं, वेस्टइंडीज सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान दूसरे टी20 के बाद होगा।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 16 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के स्क्वाड घोषित किए जाएंगे। इसी वजह से भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरे टी20 को देखने के लिए चयन समिति के मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर भी अरुण जेटली स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।
केएल राहुल को वनडे सीरीज के लिए बनाया जा सकता है उपकप्तान

भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। अय्यर टी20 टीम के कप्तान हैं और उन्हें एशियन गेम्स में भारतीय टीम की अगुआई करनी है। इसी वजह से वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के लिए विकेटकीपर केएल राहुल को उपकप्तान बनाया जा सकता है। राहुल टेस्ट में टीम के उपकप्तान हैं। अब उन्हें वनडे में भी यह भूमिका इस सीरीज के लिए सौंपी जा सकती है।
दूसरे विकेटकीपर स्पॉट के लिए पंत और जुरेल में लड़ाई
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए केएल राहुल के साथ टीम इंडिया का बैकअप विकेटकीपर कौन होगा, इस पर भी सभी की नजर बनी हुई है। इंग्लैंड के खिलाफ ईशान किशन ने यह भूमिका निभाई थी, लेकिन वे एशियन गेम्स के लिए चुने गए हैं। इसी वजह से वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि दूसरे विकेटकीपर के लिए ध्रुव जुरेल या ऋषभ पंत में से किसी एक का चयन हो सकता है लेकिन अंतिम फैसला हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल की पसंद को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
पंत ने 2024 के श्रीलंका दौरे के बाद से एक भी वनडे नहीं खेला है। उन्हें इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए चुना गया था लेकिन फिर चोट के कारण बाहर हो गए थे। इसके बाद, जुरेल को रिप्लेसमेंट के रूप में मौका मिला था। हालांकि, वे बेंच पर ही रहे और अभी तक वनडे डेब्यू नहीं किया है।
सीम बॉलिंग ऑलराउंडर के लिए विकल्पों की कमी
भारत के पास सीम बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे हैं। हालांकि, वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के लिए इनमें से शायद कोई भी खेलता हुआ नजर न आए। हार्दिक अभी फिट नहीं हुए हैं और उनके चयन पर सस्पेंस बना हुआ है। वहीं, नीतीश और दुबे एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में शामिल हैं।
इसी वजह से हार्दिक पांड्या फिट नहीं हुए तो फिर सीम बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में कोई मजबूत विकल्प नहीं हैं। हार्दिक को 6 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए की टीम में चुना गया है लेकिन उनका सिलेक्शन फिटनेस पर निर्भर है। इसी वजह से वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के लिए संशय की स्थिति बनी हुई है। अगर हार्दिक उपलब्ध नहीं रहते हैं तो सूर्यांश शेडगे को मौका मिल सकता है, जो वनडे में अनकैप्ड हैं।
यह भी पढ़ें: ETPL के हर मैच में रविचंद्रन अश्विन की करिश्माई गेंदबाजी, उनके गजब आंकड़ों पर डाले नजर