वेस्टइंडीज पर वर्ल्ड कप से बाहर होने का संकट, अब सिर्फ इस शर्त पर खेल सकती 2027 विश्व कप
Table of Contents
West Indies failed to qualify directly for the ODI World Cup: दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में अगले साल वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। टूर्नामेंट में 14 टीमें हिस्सा लेंगी। नए क्वालीफिकेशन फॉर्मेट के तहत दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण सीधे एंट्री मिली है, जबकि आईसीसी वनडे रैंकिंग की टॉप-8 फुल मेंबर टीमें भी सीधे क्वालीफाई करेंगी।
हालांकि, नामीबिया को डायरेक्ट प्रवेश नहीं मिला है, क्योंकि वह एक फुल मेंबर टीम नहीं है। इसके अलावा ICC वनडे टीम रैंकिंग में सबसे नीचे रहने वाली दो फुल मेंबर टीमों को भी सीधे प्रवेश नहीं मिलेगा। इसी वजह से दो बार की वनडे वर्ल्ड कप विजेता वेस्टइंडीज (West Indies) को बड़ा झटका लगा है और उसके ऊपर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
अफगानिस्तान ने वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई, West Indies को लगा झटका

दरअसल, अफगानिस्तान की टीम आयरलैंड दौरे पर पांच मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया था लेकिन अगले दो मैचों में अफगान टीम को जीत हासिल हुई। 10 अगस्त को तीसरे वनडे में अफगानिस्तान ने आयरलैंड को हराते ही वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए डायरेक्ट क्वालीफाई कर लिया, क्योंकि अब वनडे टीम रैंकिंग के टॉप-8 में रहमत शाह की टीम का रहना तय है।
इस तरह अफगानिस्तान डायरेक्ट क्वालीफाई करने के मामले में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ शामिल होगा। वहीं, वेस्टइंडीज (West Indies) को अब सीधे प्रवेश नहीं मिलेगा। 30 सितंबर तक कैरेबियाई टीम को भारत के खिलाफ दो वनडे जरूर खेलने हैं, लेकिन उनमें जीत के बावजूद टॉप-8 में जगह पक्की नहीं हो पाएगी।
वेस्टइंडीज 2027 वर्ल्ड कप के लिए कैसे क्वालीफाई कर सकती है?
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए वेस्टइंडीज (West Indies) की टीम भले ही डायरेक्ट क्वालीफाई करने से चूक गई हो लेकिन अभी उसके पास टूर्नामेंट में जगह बनाने का एक और मौका है। ICC ने 14 में से 10 स्थान डायरेक्ट क्वालीफाई करने वाली टीमों के लिए रखे हैं लेकिन बाकी के 4 स्थान का फैसला वर्ल्ड कप क्वालीफायर टूर्नामेंट से होगा। अगर इसमें वेस्टइंडीज का प्रदर्शन अच्छा रहता है तो उसे वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिलेगा।
बता दें कि वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट का अगले साल फरवरी-मार्च में आयोजित होगा। इसमें ICC वनडे रैंकिंग में 30 सितंबर 2026 तक की ODI रैंकिंग में सबसे नीचे की दो ऐसी 'फुल मेंबर' टीमें शामिल होंगी जो मेजबान नहीं हैं (आयरलैंड और वेस्टइंडीज)। इसके अलावा क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 की टॉप चार टीमें और वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ की टॉप चार टीमें भी इसमें हिस्सा लेंगी।
लगातार तीसरी बार क्वालीफायर टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज की टीम लेगी हिस्सा
पिछले कुछ सालों में वेस्टइंडीज (West Indies) टीम का प्रदर्शन वनडे में उतना अच्छा नहीं रहा है। यह लगातार तीसरा मौका है, जब वेस्टइंडीज ने वनडे वर्ल्ड कप में डायरेक्ट क्वालिफिकेशन मिस किया है। इससे पहले 2019 और 2023 में भी ऐसा ही हुआ था। हालांकि, 2019 में क्वालीफायर टूर्नामेंट के माध्यम से टीम ने क्वालीफाई कर लिया था लेकिन 2023 चूक गई थी और इसी वजह से पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का कोई संस्करण वेस्टइंडीज के बिना आयोजित हुआ था।
यह भी पढ़ें: 162 मैच, 5122 रन और 42 फिफ्टी... फिर भी अपने करियर में नहीं लगा पाए एक भी शतक, नाम जानकार हो जाएंगे हैरान
Tagged:
west indies cricket team world cup 2027 World Cup 2027 Qualifier Tournament