WCL टूर्नामेंट की डेट का हुआ ऐलान, खेलेंगे युवराज, एबी डिविलियर्स, शाहिद अफरीदी जैसे खिलाड़ी
Table of Contents
WCL 2026: 2008 से पहले तक जब कोई खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेता था तो फिर फैंस उसे खेलते हुए देखने के लिए तरस जाते थे। लेकिन फिर आईपीएल की शुरुआत हुई, जिसमें कई ऐसे दिग्गजों ने अपना जलवा दिखाया, जो इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो गए थे लेकिन इस लीग में अपनी चमक बिखेरते नजर आए।
आईपीएल की सफलता के बाद, अलग-अलग देशों में फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। हालांकि, इनमें उम्रदराज रिटायर्ड खिलाड़ियों को ज्यादा मौके नहीं मिलते थे लेकिन फैंस के बीच उनकी लोकप्रियता को देखते हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) लीग की शुरुआत की गई। इस लीग में संन्यास ले चुके दिग्गज खेलते हैं। वहीं, टूर्नामेंट में अलग-अलग देशों की टीमें खेलती हैं। अब इस लीग के आगामी सीजन की तारीखों का ऐलान हो गया है।
WCL के तीसरे सीजन का हुआ ऐलान, इस दिन से शुरू होगा टूर्नामेंट

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) का तीसरा सीजन 3 से 18 अक्टूबर तक होगा। टूर्नामेंट के आयोजन स्थल की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पता चला है कि इस बार टूर्नामेंट यूके से बाहर होगा।लीग के आयोजक हर्षित तोमर ने दावा किया है कि इस बार का सीजन पहले की तुलना में ज्यादा बड़ा होगा और स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी में भी इजाफा होगा।
बता दें कि इस लीग ने खिलाड़ियों का एक मजबूत पूल तैयार करने के लिए अपनी पहचान बनाई है। इसमें दिग्गज क्रिकेटरों के साथ-साथ ऐसे सक्रिय खिलाड़ी भी शामिल हैं जो दुनिया भर की T20 लीग में खेलते हैं और जिनका अपने राष्ट्रीय बोर्ड के साथ कोई सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट नहीं है।
WCL 2026 में 7 टीमें आएंगी नजर
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स के पहले दो सीजन में सिर्फ छह टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन WCL 2026 के लिए बड़ा ऐलान हुआ है। इस बार छह टीमों की बजाय सात टीमों को जगह मिलेगी। अभी तक भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें नजर आती थीं लेकिन अब बांग्लादेश की टीम भी शामिल हो गई।
बता दें कि WCL का पहला सीजन इंडिया चैंपियंस ने अपने नाम किया था और फाइनल में पाकिस्तान चैंपियंस को हराया था। वहीं, दूसरा सीजन दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ने जीता था। इस बार भी फाइनल में पाकिस्तान की टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
युवराज-अफरीदी-डीविलियर्स जैसे स्टार खिलाड़ी आएंगे नजर, वॉर्नर पहले बार बनेंगे हिस्सा
डब्ल्यूसीएल का क्रेज फैंस के बीच काफी ज्यादा है, क्योंकि उन्हें युवराज सिंह, शाहिद अफरीदी और एबी डीविलियर्स जैसे दिग्गजों का जलवा फिर से देखने को मिलता है। डीविलियर्स ने आईपीएल से संन्यास के कई साल बाद मैदान में वापसी की और उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप लेजेंड्स में पिछले सीजन बल्ले से जमकर तबाही मचाई थी।
इस बार ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर भी टूर्नामेंट का हिस्सा होंगे। संन्यास के बाद, वॉर्नर अलग-अलग जगह क्रिकेट खेल रहे हैं और अब उनका जलवा डब्ल्यूसीएल में भी दिखेगा। इसके अलावा बांग्लादेश के दिग्गज महमूदुल्लाह भी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: क्रिकेट खेलने के लिए धर्म से लेकर नाम तक बदल चुके हैं ये 5 क्रिकेटर, एक ने तो देश के नाम किया अपना सरनेम
Tagged:
Shahid Afridi yuvraj singh AB de Viliers India Champions Pakistan Champions South Africa Champions WCL 2026