टीम इंडिया के गेंदबाज पर वसीम अकरम का कटाक्ष, बोले ' मैने उसे गेंदबाजी सिखाई अब हमारे खिलाफ ही ट्वीट करता....'
Table of Contents
पाकिस्तान के वसीम अकरम (Wasim Akram) को तेज गेंदबाजी का स्कूल माना जाता है, क्योंकि अकरम ने इतनी क्रिकेट खेली है कि वे किसी भी युवा तेज गेंदबाज को क्या करना चाहिए और किस चीज से बचना चाहिए, सभी के बारे में बहुत आसानी से समझा सकते हैं। वहीं, अगर कोई बाएं हाथ का पेसर है तो फिर उसके लिए तो अकरम बेस्ट ऑप्शन हैं, क्योंकि वो खुद भी लेफ्ट आर्म पेसर रहे हैं और दुनिया भर के बल्लेबाजों के विकेट झटके हैं।
भारत के भी कई तेज गेंदबाजों को वसीम अकरम (Wasim Akram) टिप्स दे चुके हैं, जो उनके करियर के दौरान काफी फायदेमंद साबित हुए। हालांकि, अब अकरम ने एक ऐसे भारतीय तेज गेंदबाज के बारे में बताया है, जिसे कभी उन्होंने तेज गेंदबाजी के गुर सिखाए थे। अकरम के मुताबिक, वह खिलाड़ी अब सोशल मीडिया पर उनके ही मुल्क यानी पाकिस्तान के खिलाफ पोस्ट करता है।
इस भारतीय तेज गेंदबाज को लेकर Wasim Akram का बड़ा खुलासा

पाकिस्तानी दिग्गज वसीम अकरम (Wasim Akram) ने भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी इरफ़ान पठान को लेकर बात की है, जो बाएं हाथ के तेज गेंदबाज थे। उन्होंने टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में 300 से ज्यादा विकेट चटकाए और टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक भी ले चुके हैं।
अकरम ने बताया कि उन्होंने इरफ़ान से 2004 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहली बार मुलाकात की थी और कुछ अहम टिप्स भी दिए थे। लेकिन अब अलग बात है कि वे पाकिस्तान के खिलाफ सोशल मीडिया पर लिखते हैं।
इरफ़ान पठान को लेकर वसीम अकरम ने क्या कहा?
1 Mint पॉडकास्ट पर वसीम अकरम (Wasim Akram) ने इरफ़ान पठान की काफी तारीफ की और यह भी स्वीकारा कि पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज उनके देश के खिलाफ काफी कुछ बोलता है। लेकिन उन्होंने अपने देश के फैंस को भी जिम्मेदार ठहराया। अकरम ने कहा,
"इरफ़ान से मेरी मुलाक़ात 2004 में ऑस्ट्रेलिया के उनके पहले दौरे पर हुई थी, तब मैं ESPNStar के लिए कमेंट्री कर रहा था। वह मेरे बहुत बड़े फैन थे और मुझे खेलते हुए देखकर ही बड़े हुए थे। मैंने उन्हें कुछ टिप्स दिए थे, लेकिन उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में ही अच्छा प्रदर्शन किया।
"उनका बॉलिंग एक्शन शुरू से ही मेरे जैसा था। लेकिन जब खिलाड़ी आपसे कुछ पूछते हैं, तो आप उन्हें ज़्यादातर माइंडसेट के बारे में बताते हैं। एक्शन वगैरह तो ठीक है, क्योंकि उस स्टेज पर आप उस लेवल पर पहुंच चुके होते हैं जहाँ आप देश का प्रतिनिधित्व कर रहे होते हैं। जैसे कि कलाई की पोजीशन और बल्लेबाज को कैसे समझें।"
इरफ़ान को बताया अच्छा लड़का
वसीम अकरम (Wasim Akram) ने आगे कहा,
"वेरिएशन का इस्तेमाल कब करना है और कब नहीं। तो हां, मजा आया। इरफ़ान अच्छा लड़का है; वह अभी भी मुझसे मिलता रहता है। यह अलग बात है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ कुछ न कुछ ट्वीट करता रहता है। लेकिन हमारे फैंस भी तैयार रहते हैं। वे भी नजरअंदाज नहीं करते। उन्हें बस जवाब देना होता है।"