दलीप ट्रॉफी में गेंद के साथ चमके वैभव सूर्यवंशी, कहर बरपाते हुए चटका डाले इतने विकेट

Published - 25 Aug 2026, 02:12 PM | Updated - 25 Aug 2026, 03:20 PM

Vaibhav Sooryavanshi 2

Vaibhav Sooryavanshi shines with ball: 23 अगस्त से भारतीय क्रिकेट के घरेलू सीजन का आगाज दलीप ट्रॉफी 2026 के साथ हो गया है। यह टूर्नामेंट जोनल फॉर्मेट में रहा है, जो 10 सितंबर तक चलेगा। इसके पहले क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन का सामना नॉर्थ ईस्ट जोन से हुआ।

इस मुकाबले में ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम ईस्ट जोन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एक पारी और 210 रन से जीत दर्ज की। मैच में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) भी शामिल थे। वे बल्ले से फ्लॉप रहे, लेकिन गेंदबाजी में अपना जलवा दिखाया।

नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ Vaibhav Sooryavanshi का नहीं चला बल्ला

बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सलेंस, बेंगलुरु में खेले गए दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले क्वार्टर फाइनल में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) पर भी नजर थी। व्हाइट बॉल क्रिकेट में अच्छा करने वाले वैभव रेड बॉल के फॉर्मेट में कैसा करेंगे, ये सभी देखना चाहते थे। हालांकि, बल्लेबाजी करते हुए वैभव उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और जल्दी ही आउट हो गए।

ईस्ट जोन की तरफ से ओपनिंग करने आए उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने चौके के साथ खाता खोला। इसके बाद, उन्होंने फिर एक चौका लगाया। लगा कि वैभव अपना तूफानी अंदाज दिखाएंगे लेकिन दूसरे ही ओवर में बिश्वोरजीत कोंथौजम की गेंद पर कैच आउट हो गए। उन्होंने 6 गेंदों में 8 रन बनाए। इसके बाद से सोशल मीडिया पर उनकी काबिलियत पर सवाल खड़े किए जा रहे थे लेकिन उन्होंने गेंद के साथ अपनी उपयोगिता साबित करते हुए इसकी भरपाई कर दी।

वैभव सूर्यवंशी ने गेंदबाजी में चटकाए 2 विकेट

Vaibhav Sooryavanshi 3

ईस्ट जोन की पहली पारी के स्कोर 467 के जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पूरी टीम महज 111 पर ढेर हो गई। इस दौरान गेंदबाजी में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला। इसके बाद, फॉलोऑन खेलने पर मजबूर नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी में वैभव सूर्यवंशी को 25 ओवर के बाद गेंदबाजी पर लाया गया। उन्होंने अपने कप्तान ईशान किशन को सही साबित किया और 3 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट झटकने में सफल रहे।

वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने सबसे पहले किशन लिंगदोह (25) को अपना शिकार बनाया, जो एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हुए। इसके बाद, इमलीवती लेमटुर (4) को विकेटकीपर ईशान के हाथों कैच आउट कराकर अपना दूसरा विकेट हासिल किया।

सेमीफाइनल में गत विजेता सेंट्रल जोन से होगा ईस्ट जोन का सामना

अपनी दूसरी पारी में भी नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम कुछ खास नहीं कर पाई और 146 रन पर ढेर हो गई। इस तरह ईस्ट जोन ने एक पारी और 210 रनो से जीत हासिल की। अब उसका अगले राउंड में सेंट्रल जोन से सेमीफाइनल में सामना होगा। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली सेंट्रल जोन ने ही दलीप ट्रॉफी का पिछले संस्करण अपने नाम किया था।

ऐसे में ईस्ट जोन को अगले मैच में अपने प्रदर्शन को और बेहतर करना होगा। वहीं, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन को बल्ले से बड़ी पारियां खेलनी होंगी। बता दें कि क्वार्टर फाइनल में वैभव के साथ-साथ ईशान भी फ्लॉप रहे थे। ईशान महज 4 रन ही बना पाए।

यह भी पढ़ें: भारत के लिए जीता वर्ल्ड कप, लेकिन पूरे T20I करियर में ये दिग्गज नहीं लगा सका एक भी फिफ्टी

Tagged:

East Zone North East Zone Vaibhav Sooryavanshi Duleep Trophy 2026
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com