22 साल की उम्र में लगातार 2 डबल सेंचुरी! इस भारतीय बल्लेबाज ने रचा था अनोखा इतिहास
Table of Contents
टीम इंडिया के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) का करियर अभी तक बहुत ही शानदार रहा है। इस युवा खिलाड़ी ने सबसे पहले घरेलू क्रिकेट में अपना दम दिखाया। इसके बाद, आईपीएल में सफलता हासिल की और फिर भारतीय टीम के लिए अपनी चमक बिखेरी। जायसवाल में ऑल फॉर्मेट खिलाड़ी बनने की काबिलियत है लेकिन व्हाइट बॉल क्रिकेट में 2024 के बाद से उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले हैं।
हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने अपनी जगह पूरी तरह पक्की कर ली है और भारत के प्रमुख ओपनरों में से हैं। इस खिलाड़ी ने क्रिकेट के सबसे मुश्किल फॉर्मेट में अपने शानदार प्रदर्शन से खुद को भरोसेमंद ओपनर के रूप में साबित किया है। मौजूदा समय में यह खिलाड़ी 24 साल का है लेकिन 22 साल की उम्र में ही लगातार दो दोहरे शतक बनाकर सनसनी मचा दी थी।
इंग्लैंड के खिलाफ 2024 में Yashasvi Jaiswal ने बनाई थीं लगातार दो डबल सेंचुरी

दो साल पहले इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज में यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) का अलग ही रूप देखने को मिला था और उन्होंने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी थी। इस युवा खिलाड़ी ने पहले टेस्ट में शतक के नजदीक जाकर अपना विकेट गंवा दिया था लेकिन फिर लगातार दो मैचों में दोहरा शतक जड़कर इंग्लैंड की हालत खस्ता कर दी थी।
विशाखापट्टनम और राजकोट में खेले गए मुकाबलों में बनाया दोहरा शतक
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला विशाखापट्ट्नम डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया की पहली पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने अपना प्रचंड रूप दिखाया और कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने दोहरा शतक बनाते हुए 290 गेंदों में 209 रनों की पारी खेली। इस दौरान 19 चौके और 7 छक्के जड़े।
इसके बाद, अगला मुकाबला राजकोट में हुआ और इस टेस्ट मैच में भारत की दूसरी पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल के बल्ले का कमाल देखने को मिला। बाएं हाथ के इस ओपनर ने 236 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 214 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 12 छक्के शामिल रहे।
सुनील गावस्कर के खास क्लब को किया था ज्वाइन
यशस्वी जायसवाल ने इन दो दोहरे शतकों और तीन अर्धशतकों की मदद से सीरीज में 5 मैचों की 9 पारियों में 89 की औसत से 712 रन बनाए थे। इस तरह टेस्ट में भारत की तरफ से बतौर ओपनर एक सीरीज में 700 या उससे अधिक रन बनाने के मामले में सुनील गावस्कर की बराबरी की थी। गावस्कर ने यह कारनामा दो बार किया है। उन्होंने दोनों ही बार वेस्टइंडीज के खिलाफ अलग-अलग टेस्ट सीरीज में 774 और 732 रन बनाए थे।
यह भी पढ़ें: कब, कहां और कैसे देखें भारत-जापान मैच, जगह, डेट, समय सभी कर लें नोट