क्रिकेट का वो खतरनाक नियम, जिसके कारण बल्लेबाज बिना गेंद खेले आउट हो जाता, कई खिलाड़ी हो चुके इसका शिकार
Table of Contents
क्रिकेट में बल्लेबाज के आउट होने के कई तरीके हैं। सबसे लोकप्रिय तरीके बोल्ड, कैच आउट, एलबीडब्ल्यू, रन आउट, स्टंपिंग और हिट विकेट हैं। इसके अलावा, ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड और विकेट बचाने के प्रयास के अलावा गेंद को दूसरी बार मारना भी आउट होने के तरीकों में शामिल है।
हालांकि, इनमें से ज्यादातर डिसमिसल तब होते हैं, जब बल्लेबाज क्रीज पर आकर खेलना शुरू कर देता है। लेकिन आउट होने का एक ऐसा नियम भी है, जिसके तहत बल्लेबाज बिना किसी गेंद का सामना किए ही आउट हो जाता है। यह काफी दुर्लभ तरीका है, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में कम ही देखने को मिला है। हालांकि, जब भी ऐसा होता है, तो इसकी काफी चर्चा होती है।
इस नियम के तहत बल्लेबाज बिना गेंद खेले ही दे दिया जाता है आउट

काफी लोगों के मन में रन आउट का ख्याल आ रहा होगा, क्योंकि नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़ा नया बल्लेबाज भी बिना कोई गेंद खेले रन आउट होकर पवेलियन लौट सकता है। लेकिन यहां बात रन आउट की नहीं, बल्कि टाइम्ड आउट (Timed Out) की हो रही है। यह एक ऐसा नियम है, जो नए बल्लेबाज के निर्धारित समय के भीतर खेलने के लिए तैयार होने से जुड़ा है।
अगर नया बल्लेबाज विकेट गिरने के बाद तय समय के भीतर गेंद का सामना करने के लिए तैयार नहीं होता है, तो फील्डिंग टीम के पास टाइम्ड आउट (Timed Out) की अपील करने का अधिकार होता है। अगर अंपायर अपील स्वीकार कर लेते हैं और खिलाड़ी तय समय के बाद बॉल फेस करने का दोषी पाया जाता है तो बल्लेबाज को आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ता है।
Timed Out होने के नियम में कितना समय मिलता है?
ICC ने टाइम्ड आउट (Timed Out) को लेकर समय सीमा निर्धारित कर रखी है। विकेट गिरने पर इसी तय समय में नए बल्लेबाज को क्रीज पर आकर गेंद का सामना करने के लिए तैयार होना पड़ता है। ICC के अपडेटेड नियमों के अनुसार, टेस्ट और वनडे में बल्लेबाज के पास 2 मिनट का समय होता है। जबकि टी20 इंटरनेशनल में 90 सेकंड का समय दिया जाता है। वहीं, MCC ने आमतौर पर 3 मिनट की समय सीमा निर्धारित कर रखी है।
जब भी किसी बल्लेबाज को टाइम्ड आउट (Timed Out) दिया जाता है, तो विकेट गेंदबाज के खाते में नहीं जाता है। वहीं, इस तरह आउट होने वाले बल्लेबाज को बिना एक भी गेंद खेले आउट माना जाता है और इसे डायमंड डक के रूप में रिकॉर्ड किया जाता है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ दो बल्लेबाज हुए हैं टाइम्ड आउट
टाइम्ड आउट (Timed Out) का शिकार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ दो ही बल्लेबाज हुए हैं। सबसे पहले एंजेलो मैथ्यूज इस तरह से आउट दिए गए थे। यह डिसमिसल 2023 वर्ल्ड कप के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ देखने को मिला था। मैथ्यूज क्रीज पर आए लेकिन जब हेलमेट को कस रहे थे तो जब वह अपने हेलमेट की स्ट्रैप को अपनी ठुड्डी के नीचे कस रहे थे, तभी वह टूट गई।
उन्होंने दूसरा हेलमेट मंगाया, जिसे चमिका करुणारत्ने उनके पास लेकर आए। इसके बाद शाकिब अंपायर माराइस इरास्मस से कुछ बातचीत करते दिखे। चूंकि मैथ्यूज ICC के नियमों के अनुसार तय दो मिनट के भीतर अपनी पहली गेंद का सामना करने के लिए तैयार नहीं थे, इसलिए उन्हें 'टाइम्ड आउट' घोषित कर दिया गया। इसके बाद, मैथ्यूज काफी गुस्से में नजर आए और उनकी बहस भी हुई लेकिन अंत में इस खिलाड़ी को पवेलियन जाना ही पड़ा।
घाना के गॉडफ्रे बाकिवेयम भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टाइम्ड आउट (Timed Out) हो चुके हैं। वे मैथ्यूज के बाद टाइम्ड आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। यह घटना बेनोनी के विलोमोर पार्क में सिएरा लियोन के खिलाफ 2017 में हुई।
यह भी पढ़ें: PCB ने लिया बड़ा फ़ैसला, क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान नहीं लेगा हिस्सा