जिम्बाब्वे के इस खिलाड़ी ने तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड, उनसे ज्यादा खेल लिया वनडे क्रिकेट
Table of Contents
सचिन तेंदुलकर के कुछ रिकॉर्ड अब एक के बाद एक टूटते जा रहे हैं। कुछ समय पहले तक सचिन का सबसे लंबे समय तक वनडे क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड अटूट नजर आ रहा था लेकिन अब इसे जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के ब्रेंडन टेलर ने तोड़ दिया है। हरारे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के फेल मुकाबले में उतरते ही टेलर ने यह महारिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इन दोनों ही खिलाड़ियों ने 22 साल से ज्यादा समय तक वनडे क्रिकेट में योगदान दिया लेकिन जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने दिनों के आधार पर सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया।
Zimbabwe के ब्रेंडन टेलर ने बनाया सबसे लंबे वनडे करियर का रिकॉर्ड

40 साल के ब्रेंडन टेलर ने 2004 में अपना वनडे डेब्यू किया और जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के प्रमुख बल्लेबाजों में से एक बन गए। उनका वनडे करियर 22 साल 148 दिन का हो गया, जो किसी भी अन्य खिलाड़ी की तुलना में सबसे लंबा है। हालांकि, वे इस रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच पाते, अगर उन्होंने रिटायरमेंट का फैसला नहीं बदला होता।
2021 में लिया था रिटायरमेंट, 2025 में दोबारा की वापसी
इस खिलाड़ी ने 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद, 2022 में ICC के एंटी-करप्शन और एंटी-डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के कारण उन पर साढ़े तीन साल का बैन लगा दिया गया। अपना सस्पेंशन पूरा करने के बाद, वे 2025 में संन्यास से बाहर आए, क्योंकि घरेलू सरजमीं पर वर्ल्ड कप का आयोजन होना है। बता दें कि 2027 में वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया मिलकर करेंगे।
सचिन तेंदुलकर और ब्रेंडन टेलर के वनडे करियर में कितना अंतर?
भारत के सचिन तेंदुलकर ने 18 दिसंबर 1989 को अपना वनडे डेब्यू किया था और आखिरी बार इस फॉर्मेट में 18 मार्च 2012 को नजर आए। उनका वनडे करियर 22 साल 91 दिन का रहा। शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह रिकॉर्ड एक दिन जिम्बाब्वे का कोई खिलाड़ी तोड़ेगा।
ब्रेंडन टेलर की बात करें तो उन्होंने 20 अप्रैल 2004 को अपने ODI करियर की शुरुआत की थी और 15 सितंबर 2026 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए पहले वनडे में हिस्सा लेते ही इतिहास रच दिया। हालांकि, इस मैच में टेलर सिर्फ 4 रन ही बना पाए। वहीं, जिम्बाब्वे को भी 59 रन की हार झेलनी पड़ी।