लॉर्ड्स में इन 5 खिलाड़ियों ने डुबोई टीम इंडिया की लुटिया, 2-1 से गंवानी पड़ी वनडे सीरीज
Table of Contents
5 players let Team India down at Lord's: भारत के लिए इंग्लैंड दौरा काफी निराशाजनक रहा। पहले श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को पांच मैचों की टी20 सीरीज (4 हार, एक मुकाबला रद्द) गंवानी पड़ी। वहीं, अब शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम इंडिया को 2-1 से तीन मैचों की वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।
बर्मिंघम में शानदार जीत के बाद, भारत (Team India) को कार्डिफ और फिर लॉर्ड्स में हार का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से सीरीज भी हाथ से निकल गई। तीसरे वनडे में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 387/3 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में टीम इंडिया 360/7 का ही स्कोर बना पाई और 27 रनों से हार गई। इस हार के लिए कौन से 5 खिलाड़ी जिम्मेदार रहे, उनका जिक्र हम लेख में करने जा रहे हैं।
ये 5 खिलाड़ी लॉर्ड्स में Team India की हार के लिए रहे जिम्मेदार
1. गुरनूर बरार

अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को इंग्लैंड वनडे सीरीज में भी मौका मिला। उन्होंने पहले दो वनडे में थोड़े ज्यादा रन खर्च किए लेकिन चार विकेट भी झटके। हालांकि, लॉर्ड्स में ऐसा लगा कि गुरनूर रन मशीन बन गए। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई की। गुरनूर ने 10 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 97 रन लुटाए।
2. अर्शदीप सिंह
गुरनूर बरार की तरह ही अर्शदीप सिंह भी रन लुटाने के मामले में में काफी आगे रहे और उन्हें भी कोई विकेट नहीं मिला। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को सीरीज के निर्णायक मुकाबले में खिलाया गया लेकिन यह दांव गलत साबित हुआ। अर्शदीप ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 72 रन खर्च कर दिए और इंग्लैंड के एक भी बल्लेबाज को आउट नहीं कर पाए।
3. ईशान किशन
इंग्लैंड दौरा टीम इंडिया (Team India) के विकेटकीपर ईशान किशन के लिए काफी ज्यादा खराब रहा। दौरे पर एक अर्धशतकीय पारी को हटा दें तो उन्होंने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया। लॉर्ड्स में भी ईशान से उम्मीद लगाई जा रही थी कि टॉप ऑर्डर द्वारा रन चेज के लिए बनाए गए मोमेंटम को अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मजबूत करने का काम करेंगे लेकिन वो 12 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए।
4. श्रेयस अय्यर
टीम इंडिया (Team India) के उपकप्तान श्रेयस अय्यर भी इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में फ्लॉप रहे। अय्यर की अच्छी फॉर्म को देखते हुए उनसे उम्मीद थी कि वो एक छोर संभालकर टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने का प्रयास करेंगे लेकिन वो ऐसा नहीं कर पाए। सैम करन ने श्रेयस को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया।
5. अक्षर पटेल
पहले वनडे में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल करने वाले टीम इंडिया (Team India) के स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल लॉर्ड्स में पूरी तरह फ्लॉप रहे। अक्षर ने गेंदबाजी में 10 ओवर में 61 रन खर्च किए लेकिन एक भी सफलता हासिल नहीं कर पाए। वहीं, बल्लेबाजी में जब तेजी से रन बनाने की दरकार थी, वह 2 रन बनाकर आउट हो गए।
Tagged:
ISHAN KISHAN team india shreyas iyer Arshdeep Singh England Cricket Team axar patel gurnoor brar