WTC फाइनल की रेस से पूरी तरह बाहर हुई ये 4 टीमें, अब सिर्फ इन 5 टीमों के बीच बची जंग

Published - 21 Aug 2026, 10:36 AM | Updated - 21 Aug 2026, 11:43 AM

WTC Final

WTC Final 2027: ICC ने टेस्ट क्रिकेट का रोमांच बनाए रखने के लिए साल 2019 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत की थी। इसके तहत 9 टीमें अपने-अपने शेड्यूल के अनुसार खेलती हैं और फिर अंत में अंक तालिका के आधार पर टॉप-2 टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाता है। इस बार भी WTC Final इंग्लैंड की मेजबानी में होगा और वेन्यू लंदन का ओवल स्टेडियम है। फाइनल मैच 9 से 13 जून तक खेला जाएगा।

पिछले तीन चक्रों के आधार पर WTC Final में जगह बनाने के लिहाज से 65% के आसपास का PCT सुरक्षित माना जाता है। इस बार भी ऐसा ही कुछ देखने को मिल सकता है। मौजूदा समय में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का चौथा चक्र खेला जा रहा है।

अभी तक फाइनलिस्ट के नाम सामने नहीं आए हैं, क्योंकि ज्यादातर टीमों के काफी सारे मुकाबले बाकी हैं। हालांकि, पॉइंट्स टेबल के आधार पर ये जरूर नजर आ रहा है कि कौन सी टीमें WTC Final की रेस से बाहर हो चुकी हैं या किनके बीच अभी भी स्पर्धा देखने को मिलेगी।

WTC 2025-27 की अंक तालिका

स्थान टीम मैच जीत हार ड्रॉ पेनल्टी अंक PCT
1 ऑस्ट्रेलिया 9 7 2 0 0 84 77.78%
2 दक्षिण अफ्रीका 4 3 1 0 0 36 75.00%
3 न्यूजीलैंड 6 4 1 1 0 52 72.22%
4 बांग्लादेश 5 3 1 1 0 40 66.67%
5 भारत 10 5 4 1 0 64 53.33%
6 श्रीलंका 5 1 2 2 0 20 33.33%
7 इंग्लैंड 13 4 8 1 14 38 24.36%
8 पाकिस्तान 6 2 4 0 8 16 22.22%
9 वेस्टइंडीज 12 2 8 2 2 30 20.83%

WTC Final की रेस से वेस्टइंडीज बाहर, इन 3 टीमों का भी पहुंचना मुश्किल

WTC Final 1

WTC Final के लिए अभी तक आधिकारिक रूप से कोई टीम क्वालीफाई नहीं हुई है, लेकिन कुछ टीमों के लिए आगे का रास्ता बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। वेस्टइंडीज की टीम रेस से बाहर हो चुकी है, वहीं पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के लिए भी फाइनल में पहुंचना चुनौतीपूर्ण नजर आ रहा है।

नौवें स्थान पर मौजूद वेस्टइंडीज आधिकारिक रूप से बाहर हो गई है, क्योंकि उसने 12 टेस्ट खेल लिए हैं और अंकों का प्रतिशत सिर्फ 20.83 है। अब उसके सिर्फ दो टेस्ट बाकी हैं, जिन्हें जीतने के बावजूद PCT पर्याप्त नहीं होगा।

पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका को भी लग सकता है झटका

पाकिस्तान की बात करें तो वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। उसने अभी तक 6 टेस्ट खेले हैं और अंकों का प्रतिशत 22.22 है। अभी के हिसाब से पाकिस्तान बाहर नहीं है लेकिन WTC Final में जाने के लिए उसे अपने शेष 7 टेस्ट में से लगभग सभी जीतने होंगे।

सातवें स्थान पर मौजूद इंग्लैंड को भी डब्ल्यूटीसी फाइनल की रेस से बाहर माना जा सकता है। इसकी बड़ी वजह 13 टेस्ट में उसके अंकों का प्रतिशत 24.36 होना है। इंग्लैंड को अभी 8 टेस्ट और खेलने हैं लेकिन इन्हें जीतकर भी उसका PCT खिताबी मैच के लिए शायद ही पर्याप्त हो।

भारत के खिलाफ घर पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने में व्यस्त श्रीलंका के लिए भी आगे की राह मुश्किल नजर आ रही है। इस टीम ने अभी तक 5 टेस्ट खेले हैं, जिसके बाद अंकों का प्रतिशत 33.33 है। अभी श्रीलंकाई टीम के 7 टेस्ट शेष हैं। ऐसे में उसके लिए हर एक मैच करो या मरो वाला माना जा सकता है।

इन 5 टीमों के बीच WTC Final में जगह बनाने की रेस जारी

9 टीमों में से वेस्टइंडीज फाइनल की रेस से पूरी तरह बाहर है। वहीं, श्रीलंका, इंग्लैंड और पाकिस्तान भी मुश्किल में नजर आ रहे हैं। हालांकि, 5 टीमों के बीच अभी भी कड़ी स्पर्धा है। इनमें ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और भारत शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड को WTC Final में जगह बनाने का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के अंकों का प्रतिशत 77.78 है और उसे अभी 13 टेस्ट खेलने हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका का PCT 75% है और उसके 10 टेस्ट शेष हैं। न्यूजीलैंड के 10 टेस्ट बाकी हैं और उसके अंकों का प्रतिशत 72.22 है।

बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन टेस्ट में जीत के कारण खुद को WTC Final की रेस में मजबूत दावेदार बना लिया है। 5 टेस्ट के बाद बांग्लादेश के अंकों का प्रतिशत 66.67 है और अभी उसके 7 टेस्ट बाकी हैं। वहीं, टीम इंडिया ने अपने कुल 18 में से 10 टेस्ट खेल लिए हैं और अंकों का प्रतिशत 53.33 है। इन दोनों के पास भी खिताबी मैच में जगह बनाने का मौका है लेकिन शेष मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

यह भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी 2026 के वेन्यू में हुआ बदलाव, अब इस जगह खेला जाएगा फाइनल मैच

Tagged:

team india Pakistan Cricket Team West Indies Cricekt Team Austrlia Cricket Team WTC 2027 FINAL
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com