इंग्लैंड में शतकों की झड़ी लगाने का था प्लान, फिर अचानक विराट कोहली ने क्यों लिया टेस्ट से संन्यास? दिग्गज ने किया खुलासा
Table of Contents
Virat Kohli sudden test retirement reason: भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) का सबसे बड़ा लक्ष्य वर्ल्ड कप 2027 है। उन्होंने 2024 में टी20I और 2025 में टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि, वनडे में कोहली का बल्ला अभी भी खूब बोल रहा है। इसी वजह से फैंस के साथ-साथ कई दिग्गज क्रिकेटर भी टेस्ट से रिटायरमेंट वापस लेने की मांग कर चुके हैं लेकिन विराट ने साफ़ इनकार कर दिया।
विराट कोहली (Virat Kohli) का बल्लेबाजी फॉर्म कमाल का है और फिटनेस को लेकर तो कोई शक नहीं है। इसी वजह से उनका टेस्ट फॉर्मेट में न खेलना फैंस को जरूर चुभता है। कोहली भी 2025 की शुरुआत में रणजी ट्रॉफी खेलते नजर आए थे और इंग्लैंड दौरे के लिए भी उत्साहित थे लेकिन आईपीएल के दौरान उन्होंने संन्यास ले लिया। अब उनके रिटायरमेंट को लेकर पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने बड़ा बयान दिया है।
कोहली के टेस्ट रिटायरमेंट को लेकर जाफर ने कही बड़ी बात

12 मई 2025 को विराट कोहली (Virat Kohli) ने सोशल मीडिया पर टेस्ट से संन्यास का ऐलान करते हुए सभी को चौंका दिया था। अब उनके इस फैसले को लेकर वसीम जाफर ने कहा है कि शायद विराट अपने साथ हो रहे बर्ताव से खुश नहीं थे। इसी वजह से उन्होंने संन्यास ले लिया। कुछ दिनों पहले कोहली ने भी साफ़ कहा था कि वे ऐसे माहौल में नहीं रहना चाहते, जहां उनकी जरूरत न हो।
अपने साथ बर्ताव से Virat Kohli खुश नहीं थे
अपने यूट्यूब चैनल पर विराट कोहली के टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कहने को लेकर वसीम जाफर ने कहा,
"ऐसा लगा कि विराट के साथ जैसा बर्ताव हुआ, उससे वे थोड़े नाराज थे। विराट जैसे खिलाड़ी लोगों को स्टेडियम तक खींच लाते हैं। उनकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। वे निश्चित रूप से और टेस्ट क्रिकेट खेल सकते थे। जब तक हम खुद विराट से नहीं सुनेंगे, तब तक हमें पता नहीं चलेगा। वे इंग्लैंड दौरे की तैयारी कर रहे थे।"
ऐसा रहा कोहली का टेस्ट करियर
2011 में टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले विराट कोहली भारत के लिए इस फॉर्मेट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में रिटायर हुए। कोहली के पास 10,000 रन के क्लब में शामिल होने का मौका था, लेकिन उन्होंने पहले ही रिटायरमेंट ले लिया। इस खिलाड़ी ने 123 टेस्ट की 210 पारियों में 46.85 के औसत से 9230 रन बनाए। उनके बल्ले से 30 शतक और 31 अर्धशतक भी आए।
यह भी पढ़ें: साई सुदर्शन को फिर लगी चोट? LIVE मैच में लंगड़ाते दिखे भारतीय बल्लेबाज, टीम इंडिया की बढ़ी चिंता