भारत के WTC फाइनल खेलने का पूरा समीकरण आया सामने, अब सिर्फ टीम इंडिया को करना ये छोटा सा काम
Table of Contents
India's WTC Final Scenario: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल 2027 में 9 से 13 जून तक लंदन के द ओवल में खेला जाएगा। इस बार खिताबी मैच में कौन सी दो टीमें जगह बनाएंगी, अभी तक साफ नहीं हुआ है। इसकी बड़ी वजह यह है कि कई टीमों के लगभग आधे मुकाबले बाकी हैं। हालांकि, अब सिर्फ 8 टीमों के बीच ही रेस रह गई है, क्योंकि वेस्टइंडीज पहले ही बाहर हो चुका है।
वहीं, भारतीय फैंस की नजर टीम इंडिया के WTC Final के समीकरण पर है। भारत ने पहले दो डब्ल्यूटीसी चक्र में फाइनल तक का सफर तय किया था। इस दौरान न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। वहीं, पिछले चक्र में भारतीय टीम खिताबी मैच के लिए क्वालीफाई करने से चूक गई थी। इस समय श्रीलंका में भारत दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रहा है, जिसमें वह 1-0 से आगे है और दूसरे मैच में भी मजबूत स्थिति में है।
श्रीलंका से 2-0 से जीतने पर WTC Points Table में भारत की ऐसी होगी स्थिति

भारत ने श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत गॉल में 165 रनों की शानदार जीत के साथ की थी। वहीं, अब दूसरा मुकाबला कोलंबो में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की, जिसके जवाब में श्रीलंका ने 50 रन के अंदर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए। ऐसे में टीम इंडिया ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
WTC पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद भारत ने 10 टेस्ट खेले हैं और उसके अंकों का प्रतिशत 53.33% है। अगर कोलंबो में जीत मिली तो फिर टीम इंडिया के 11 मैचों में 76 अंक और PCT 57.58% हो जाएगा।
WTC Final के लिए टीमों का कैसे होता है क्वालिफिकेशन?
WTC Final के लिए दो टीमों का चयन अंकों के प्रतिशत के आधार पर होता है। इसी वजह से जो टीमें PCT के मामले में टॉप-2 में रहेंगी, उन्हें ही फाइनल में जगह मिलेगी। पिछले तीन चक्रों पर नजर डालें तो 65% के आसपास अंकों का प्रतिशत फाइनल का टिकट दिलाने के लिए काफी साबित हुआ है। इसी वजह से भारत को भी अपना PCT कम से कम यहां तक पहुंचाना ही होगा।
भारत को WTC Final में पहुंचने के लिए क्या करना होगा?
अभी टीम इंडिया को डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में 7 मैच खेलने हैं। इनमें से 2 न्यूजीलैंड दौरे पर होंगे, जबकि 5 अगले साल ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे पर खेले जाएंगे। अगर कोलंबो टेस्ट में भारत को जीत मिलती है तो उसके 76 अंक हो जाएंगे। इसके बाद इन सभी 7 मैचों में जीत मिली तो भारतीय टीम के कुल अंक 160 हो जाएंगे और PCT 74.07% होगा, जो WTC Final का आसानी से टिकट दिला सकता है।
वहीं, अगर भारत को एक मैच में हार मिलती है तो फिर उसे कम से कम 6 जीत तो दर्ज करनी ही होंगी। 6 जीत और एक हार से भारत के अंक 148 होंगे, वहीं 68.52% PCT रहेगा। इसे भी खिताबी मैच में जगह बनाने के लिए पर्याप्त माना जा सकता है।
इन 7 मैचों में अगर टीम इंडिया सिर्फ 5 जीत में ही जीत दर्ज कर पाती है और उसे एक हार का सामना करना पड़ता है। वहीं, एक मैच ड्रॉ रहता है तो फिर अंकों का प्रतिशत 64.81% रहेगा, जो भारत को WTC Final की रेस में बनाए रखेगा लेकिन दूसरी टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान टी20 सीरीज में लंबे समय बाद वापसी कर सकते ये 3 भारतीय खिलाड़ी, काफी समय से चल रहे थे बाहर