इंग्लैंड टी20 सीरीज होगी श्रेयस अय्यर की कप्तानी का इम्तिहान, हार मिली तो इस खिलाड़ी को मिल सकती है टीम इंडिया की कमान
Table of Contents
Shreyas Iyer Captaincy: आईपीएल में अपनी कप्तानी का लोहा मनवाकर श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया में कैप्टेन बनकर वापसी की। श्रेयस ने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जिताया था। इसके बाद, 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाया। इन दोनों ही सीजन में बल्ले के साथ भी श्रेयस ने कमाल का प्रदर्शन किया। 2026 के सीजन में उनकी कप्तानी पहले चरण में शानदार रही लेकिन दूसरे चरण में चीजें उम्मीद के मुताबिक नहीं हुईं।
इसके बावजूद भारतीय टीम के चयनकर्ताओं ने बड़ा फैसला लिया और सूर्यकुमार यादव को टी20 की कप्तानी से हटाकर श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को जिम्मेदारी सौंप दी। सूर्या की कप्तानी में फरवरी-मार्च में हुए टी20 वर्ल्ड कप को भारत ने अपने नाम किया था। इसके बावजूद खराब बल्लेबाजी फॉर्म के कारण सूर्या को हटा दिया गया और श्रेयस को लाया गया लेकिन उनके कैप्टेंसी करियर की शुरुआत निराशाजनक रही।
Shreyas Iyer की कप्तानी में टीम इंडिया को पहली ही सीरीज में मिली हार

श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के कप्तानी कार्यकाल की शुरुआत आयरलैंड दौरे से हुई। इस दौरे पर दो मैचों की टी20 सीरीज खेली गई, जिसमें टीम इंडिया एक भी मैच नहीं जीत पाई और उसे 2-0 से क्लीन स्वीप होना पड़ा। 26 जून को खेले गए पहले टी20 में भारत को 34 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी, जो आयरलैंड के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में पहली हार थी। इसके बाद, 28 जून को हुए मुकाबले में 1 रन से आयरलैंड ने बाजी मारते हुए भारतीय टीम के खिलाफ बड़ा उलटफेर करते हुए सीरीज अपने नाम कर ली।
आयरलैंड के खिलाफ कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी श्रेयस अय्यर रहे फ्लॉप
कप्तान के रूप में अपनी पहली सीरीज में श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के कुछ फैसले बहस का कारण रहे। वहीं, बल्लेबाजी में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। अय्यर के पास दोनों ही मैचों में मौका था कि वे टीम इंडिया को जीत दिलाकर उन आलोचकों का मुंह बंद कर दें, जो उन्हें कप्तान बनाए जाने पर सवाल खड़े कर रहे थे लेकिन अय्यर ऐसा नहीं कर पाए।
श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के खिलाफ दोनों मुकाबलों में नंबर-4 पर बल्लेबाजी की लेकिन बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। पहले मुकाबले में अय्यर ने 7 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 3 रन बनाए। वहीं, दूसरे में उनके बल्ले से 7 गेंदों में 10 रन आए।
इंग्लैंड सीरीज में श्रेयस अय्यर की कड़ी परीक्षा
आयरलैंड के बाद, अब भारत की श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की कप्तानी में अगली परीक्षा इंग्लैंड के सामने है। इंग्लैंड के खिलाफ 1 से 11 जुलाई तक भारतीय टीम को पांच टी20 खेलने हैं। इंग्लैंड की टीम में कई धुरंधर मौजूद हैं, जो अकेले दम पर मैच जिता सकते हैं। इस सीरीज में भारत के लिए ट्रॉफी पर कब्जा करना आसान काम नहीं होने वाला है। ऐसे में अय्यर को शानदार योजना के साथ उतरना होगा। वहीं, बल्लेबाजी में भी खुद को साबित करना होगा, क्योंकि कप्तानी से ज्यादा उनकी बैटिंग पर सभी की नजर होगी।
अगर श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) कप्तानी और बल्ले दोनों के साथ इंग्लैंड सीरीज में फ्लॉप होते हैं तो फिर एक ऐसा खिलाड़ी है, जिसे कप्तान बनाए जाने पर विचार किया जा सकता है।
श्रेयस अय्यर के इंग्लैंड सीरीज हारने पर शुभमन गिल को मिल सकती है कमान
शुभमन गिल को पिछले साल खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन के कारण टीम इंडिया के टी20 स्क्वाड से बाहर कर दिया गया था। हालांकि, गिल ने आईपीएल 2026 में 700 से ज्यादा रन बनाकर साबित कर दिया कि उनके अंदर अभी भी सबसे छोटे फॉर्मेट में कामयाब होने की काबिलियत है। ऐसे में अगर इंग्लैंड के खिलाफ अय्यर की कप्तानी में भारत हारता है तो गिल को वापस लाकर कप्तान बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए बदल जाएगी टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी, ये 2 खिलाड़ी कर सकते हैं पारी का आगाज