LIVE मैच में आपस में ही भिड़ गए टेम्बा बवुमा और क्विंटन डी कॉक, दोनों की झड़प का VIDEO वायरल
Table of Contents
दक्षिण अफ्रीका अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी कर रहा है। दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 3 टेस्ट खेले जाने हैं। तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 24 सितंबर से हुई, जिसके पहले दो मुकाबले जीतकर दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे मुकाबले में डेविड मिलर के तूफानी शतक के अलावा कप्तान टेम्बा बावुमा की सेंचुरी भी देखने को मिली।
हालांकि, टेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) सोशल मीडिया पर अपने शतक नहीं, बल्कि साथी खिलाड़ी और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक से झड़प होने की वजह से चर्चा में हैं। इन दोनों के बीच लाइव मैच के दौरान बहस देखने को मिली, जिसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
Temba Bavuma और क्विंटन डी कॉक की आपस में हुई बहस

टेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) और क्विंटन डी कॉक काफी शांत स्वभाव वाले माने जाते हैं। ये दोनों विपक्षी टीम के खिलाड़ियों से भी ज्यादा नहीं उलझते हैं लेकिन दूसरे वनडे में आपस में ही इनके बीच बहस देखने को मिली। यह पूरा मामला ऑस्ट्रेलिया की पारी के 49वें ओवर में DRS लेने के दौरान हुआ।
DRS को लेकर हुआ विवाद?
इस ओवर की चौथी गेंद पर जेवियर बार्टलेट के खिलाफ एलबीडबल्यू की अपील हुई लेकिन मैदानी अंपायर ने नॉट आउट करार दिया। इसके बाद, टेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) ने छह सेकंड शेष रहते DRS का इशारा किया और फिर पीछे मुड़कर क्विंटन डी कॉक पर गुस्से में चिल्लाते नजर आए। विकेटकीपर ने भी गुस्से में जवाब दिया और फिर दोनों के बीच बहस होने लगी। डेविड मिलर और मार्को यानसेन ने बीच-बचाव किया और डी कॉक वापस अपनी जगह पर चले गए।
आप भी देखें वीडियो:
The exchange between Temba Bavuma and de Kock. He has to respect Bavuma as a captain. pic.twitter.com/zo8KBKNiNA
— Ngqanga Nentsiba Zayo (@Intengu_drongo) September 27, 2026
ऐसा रहा दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे वनडे मैच का हाल
जोहानसबर्ग में खेले गए इस मुकाबले की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 32 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने 50 ओवर में 365/9 का स्कोर बनाया। डेविड मिलर ने तूफानी शतक जड़ते हुए 93 गेंदों में 142 रनों की पारी खेली। वहीं, टेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) ने भी शतक जड़ते हुए 103 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के जैक एडवर्ड्स ने 5 विकेट लिए।
जवाबी पारी खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 49.5 ओवर में 333 रन बनाकर ढेर हो गई। कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने 84-84 रन बनाए। वहीं, जेवियर बार्टलेट ने 28 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से लिजाड विलियम्स ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें: 100 शतक लगाने के लिए विराट कोहली के पास कितने मैच? समझें उनके शतकों का समीकरण