वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया की 6 विकेट से हार, दिग्गजों का फ्लॉप प्रदर्शन पड़ा भारी; सेमीफाइनल की रेस से भारत बाहर
Table of Contents
यूएई में खेले जा रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स 2026 टूर्नामेंट की सेमीफाइनल रेस से इंडिया चैंपियंस (India Champions) बाहर हो गई है। युवराज सिंह की कप्तानी वाली टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद चार हार से पूरा समीकरण खराब हो गया।
मंगलवार (13 अक्टूबर) को वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली 6 विकेट से हार से इंडिया की टीम (India Champions) आधिकारिक रूप से एलिमिनेट हो गई है। इस मैच में भारतीय टीम की बल्लेबाजी फिसड्डी साबित हुई और फिर वेस्टइंडीज ने आसानी से छोटे लक्ष्य को हासिल कर लिया।
India Champions अपनी पारी में बना पाई सिर्फ 110 रन

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज चैंपियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो शुरुआत में ही सही साबित हुआ। इंडिया चैंपियंस (India Champions) के ओपनर नमन ओझा खाता खोले बिना दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए। अगली गेंद पर अंबाती रायुडू ने भी अपना विकेट गंवा दिया और वह भी कोई रन नहीं बना पाए। स्टुअर्ट बिन्नी ने महज 1 रन बनाया। वहीं, कप्तान युवराज सिंह 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रॉबिन उथप्पा भी 16 गेंदों में 19 रन बनाकर चलते बने।
इस तरह इंडिया चैंपियंस (India Champions) की टीम ने महज 28 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए। ऐसा लग रहा था कि अब 50 का स्कोर भी मुश्किल हो जाएगा लेकिन फिर ऋषि धवन ने 32 गेंदों में 32 और हरभजन सिंह ने 24 गेंदों में 28 रनों की नाबाद पारी खेलकर लाज बचा ली। वेस्टइंडीज की तरफ से रायाद एमरिट ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
वाल्टन के आगे भारतीय गेंदबाज नाकाम, वेस्टइंडीज ने 15वें ओवर में दर्ज की जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत भी खराब रही और कप्तान क्रिस गेल महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद, लेंडल सिमंस (22) के साथ मिलकर चाडविक वाल्टन ने अर्धशतकीय साझेदारी निभाई और स्कोर को 67 तक ले गए। हालांकि, फिर जर्मन ब्लैकवुड 5 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए, लेकिन वाल्टन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 43 गेंदों में 60 रन बनाकर अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
इसके बाद, रेमन रीफ़र ने 11 गेंदों में नाबाद 16 रन और कार्लोस ब्रैथवेट ने नाबाद 1 रन बनाकर 14.5 ओवर में अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। इंडिया चैंपियंस (India Champions) की तरफ से धवल कुलकर्णी के खाते में सबसे ज्यादा 2 विकेट आए।
टूर्नामेंट में महज दो अंक हासिल कर पाई इंडिया की टीम
WCL 2026 में इंडिया चैंपियंस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। इस टीम ने लीग स्टेज में कुल 5 मैच खेले और सिर्फ एक जीत हासिल की, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले ही मुकाबले में दर्ज की थी। इसके बाद, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के हाथों लगातार चार हार का सामना करना पड़ा। यही कारण है कि महज 2 अंक लेकर युवराज की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
यह भी पढ़ें: इस IPL टीम ने किया ऑफिशियल ऐलान, युवराज सिंह को कोचिंग स्टाफ में किया शामिल; सौंपी दो बड़ी जिम्मेदारियां