ईस्ट जोन के 708 रन के जवाब में साउथ जोन की हालत खराब, 250 के अंदर गंवाए 6 विकेट; कप्तान तिलक वर्मा का अर्धशतक

Published - 08 Sep 2026, 05:06 PM | Updated - 08 Sep 2026, 05:27 PM

South Zone

East Zone vs South Zone: दिलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन के सामने साउथ जोन की हालत खराब नजर आ रही है। पहले दो दिन ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने तहलका मचाया और टीम ने अपनी पहली पारी में 708 रन बनाए। वहीं, तीसरे दिन गेंदबाजों ने कहर बरपाया और साउथ जोन की आधी से ज्यादा टीम को पवेलियन भेज दिया।

आज साउथ जोन (South Zone) की टीम ने अपनी पहली पारी की शुरुआत की और 80 ओवर में 242/6 का स्कोर बनाया। ईस्ट जोन की पहली पारी के स्कोर से साउथ जोन अभी भी 466 रन पीछे है।

South Zone के ओपनर्स ने किया निराश, पडीक्कल ने ठोका अर्धशतक

South Zone 1

तीसरे दिन अपनी पहली पारी की शुरुआत में ही साउथ जोन (South Zone) को छठे ओवर में पहला झटका लग गया और ओपनर रिकी भुई 1 रन बनाकर आउट हो गए। नारायण जगदीशन ने कुछ देर मोर्चा संभाला लेकिन वे भी 32 रन बनाकर चलते बने। इस तरह 70 के स्कोर तक दोनों ओपनर्स पवेलियन लौट गए।

हालांकि, नंबर-3 के बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल ने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखी और शानदार अर्धशतक जड़ा। लेकिन यह खिलाड़ी अपनी इस पारी को शतक में तब्दील नहीं कर पाया और 62 के निजी स्कोर पर आउट हो गया।

कप्तान तिलक ने एक छोर संभाला, मिडिल ऑर्डर के अन्य बल्लेबाजों ने किया निराश

चार नंबर पर आए युवा बल्लेबाज शेख रशीद मौके का फायदा नहीं उठा पाए। उन्होंने 48 गेंदों का सामना किया और 27 रन बनाकर आउट हुए। आर स्मरण भी 23 रन ही बना पाए। 174 के स्कोर पर पांचवां विकेट गिरने से साउथ जोन (South Zone) की टीम काफी मुश्किल में लग रही थी लेकिन छठे विकेट के लिए कप्तान तिलक वर्मा ने श्रेयस गोपाल (28) के साथ 66 रनों की साझेदारी करते हुए स्कोर को 250 के करीब ले गए।

इसके बाद, गोपाल आउट हो गए लेकिन तिलक अभी भी 56 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ चामा मिलिंद (2*) भी हैं। ईस्ट जोन की तरफ से मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए।

साउथ जोन पर मंडराया हार का खतरा

दिलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन ने अपनी पहली पारी में विशाल स्कोर बनाकर साउथ जोन को दबाव में ला दिया और अब गेंद से भी कमाल किया। इसी वजह से पूरी संभावना है कि ईस्ट जोन को पहली पारी के आधार पर बढ़त मिलेगी। इस मुकाबले में अभी दो दिन का खेल बाकी है। अगर ड्रॉ हुआ तो ईस्ट जोन को बढ़त के आधार पर विजेता घोषित कर दिया जाएगा। इसी वजह से साउथ जोन की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं।

यह भी पढ़ें: 'हमें चीटिंग से हराया....' पाकिस्तान ने इंग्लैंड पर लगाया बेईमानी का आरोप, जानिए पूरा मामला

Tagged:

devdutt padikkal Tilak Varma Duleep Trophy 2026 Final East Zone vs South Zone
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com