फाइनल में गुस्सा दिखाना पड़ा महंगा, भारतीय पेसर पर ICC ने लगाया बड़ा जुर्माना

Published - 11 Mar 2026, 08:41 AM | Updated - 11 Mar 2026, 08:46 AM

ICC

ICC: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जीत दर्ज करने के बावजूद भारतीय टीम के एक स्टार तेज गेंदबाज के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए खिताबी मुकाबले के दौरान मैदान पर अपना आपा खोना भारी पड़ गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में उन पर सख्त कार्रवाई की है। जीत के जश्न के बीच इस खबर ने भारतीय टीम के सदस्य के लिए झटका जैसा है।

अर्शदीप सिंह को ICC ने लगाया जूर्माना

Daryl Mitchell And Arshdeep Singh

ICC ने मंगलवार को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि अर्शदीप सिंह पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। उन्हें आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जो किसी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने से संबंधित है।

जुर्माने के साथ-साथ अर्शदीप के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। पिछले 24 महीनों में अर्शदीप की यह पहली गलती है, लेकिन भविष्य में ऐसे और अंक जुड़ने पर उन पर प्रतिबंध का खतरा मंडरा सकता है।

IPL 2026 के लिए RCB की खतरनाक प्लेइंग इलेवन आई सामने, इन 4 विदेशी स्टार खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

डेरिल मिचेल के साथ क्या हुआ था विवाद?

यह पूरी घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर के दौरान हुई। अर्शदीप सिंह गेंदबाजी कर रहे थे और सामने कीवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल थे। ओवर की पांचवीं गेंद पर मिचेल ने शॉट खेला, जिसे अर्शदीप ने अपने फॉलो-थ्रू में रोक लिया।

इसके बाद अर्शदीप ने आक्रामक तरीके से गेंद को स्ट्राइकर एंड की ओर फेंका, जो सीधे डेरिल मिचेल के पैड पर जा लगी। इस पर मिचेल ने कड़ी नाराजगी जताई और मैदान पर ही दोनों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली हालांकि अर्शदीप सिंह ने उस वक्त कोई रिएक्शन नहीं दिया था।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तुरंत बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया, लेकिन अंपायरों ने इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी रिपोर्ट दर्ज की थी।

वर्ल्ड कप जीत के बाद फूट-फूट कर रोए रिंकू सिंह, पापा के लिए लिखा इमोशनल मैसेज, बोले 'आप जैसा चाहते....'

अर्शदीप ने स्वीकार की अपनी गलती

मैच के बाद अर्शदीप सिंह ने अपनी इस हरकत के लिए डेरिल मिचेल से व्यक्तिगत रूप से माफी मांग ली थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में दोनों खिलाड़ी हाथ मिलाते और हंसी-मजाक करते हुए भी नजर आए।

अर्शदीप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनका थ्रो रिवर्स स्विंग होकर मिचेल को लग गया था। हालांकि, आईसीसी के नियमों के मुताबिक यह एक लेवल-1 का अपराध था।

अर्शदीप ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को बिना किसी विरोध के स्वीकार कर लिया, जिसके कारण इस मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

T20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 255रन बनाएं वहीं न्यूजीलैंड 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।

Tagged:

IND vs NZ Arshdeep Singh Daryl Mitchell T20 World Cup 2026 Final
Sourabh Kumar

सौरभ भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से रेडियो एंड टेलीविजन पत्रकारिता में उच्च शिक्षा प्राप्... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com