भारत-श्रीलंका सीरीज के शेड्यूल का हुआ ऐलान, इस तारीख से खेले जाएंगे 2 टेस्ट मैच
Table of Contents
India vs Sri Lanka: भारत को अगस्त में श्रीलंका दौरा करना है। इस दौरे पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। टीम इंडिया ने लंबे समय से श्रीलंका में कोई टेस्ट नहीं खेला है, जिसकी वजह से दोनों ही टीमों की टक्कर इस फॉर्मेट में देखने के लिए सभी काफी उत्साहित हैं। फिलहाल दोनों ही टीमें घर के बाहर हैं। जहां भारत का आयरलैंड दौरा जारी है और फिर उसे इंग्लैंड जाना है। वहीं, श्रीलंका का वेस्टइंडीज दौरा शुरू हो चुका है।
ऐसे में भारत और श्रीलंका दोनों ही अपने-अपने दौरों पर व्यस्त हैं लेकिन अगस्त में इनके बीच एक्शन की शुरुआत होगी। एक समय दोनों ही टीमों में टेस्ट के दिग्गज बल्लेबाजों का जमावड़ा था लेकिन अब उनके रिटायरमेंट के बाद युवा खिलाड़ी अपनी पहचान बनाने में लगे हुए हैं। भारत की कप्तानी शुभमन गिल के पास है। वहीं, श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा हैं। इन दोनों टीमों के बीच टेस्ट शुरू होने की तारीख सामने आ गई है।
15 अगस्त से India vs Sri Lanka टेस्ट सीरीज का हो सकता है आगाज

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आधिकारिक कार्यक्रम अभी तक घोषित नहीं हुआ है। इस बार सीरीज की मेजबानी श्रीलंका कर रहा है, इसी वजह से शेड्यूल जारी करने का अधिकार श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड का है लेकिन अभी तक कार्यक्रम फाइनल नहीं हुआ है। हालांकि, तमाम रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि 15 अगस्त से सीरीज की शुरुआत हो सकती है।
कुछ समय पहले क्रिकबज ने भी इसी तारीख की जानकारी दी थी और बताया था कि गाले में पहला मुकाबला हो सकता है। अब इस पर स्पोर्टस्टार ने भी अपनी मुहर लगा दी है। ऐसे में साफ़ है कि शायद सामने आई तारीख से ही सीरीज की शुरुआत हो।
श्रीलंका दौरे पर टी20 मुकाबले नहीं खेलेगा भारत
कुछ समय पहले मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा था कि श्रीलंका दौरे पर भारत दो मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ-साथ तीन टी20 भी खेल सकता है। दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट ने बीसीसीआई से अनुरोध किया था कि वे शेड्यूल में तीन T20I मैच और जोड़ें, ताकि चक्रवात 'डिटवाह' के बाद राहत और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए फंड जुटाया जा सके।
हालांकि, अब टी20 मुकाबले संभव नहीं दिख रहे हैं। इसकी बड़ी वजह भारतीय टीम का व्यस्त शेड्यूल है। इसी वजह से बीसीसीआई ने साफ़ कर दिया है कि आगामी श्रीलंका दौरे पर सिर्फ दो टेस्ट ही खेले जाएंगे।
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने पुष्टि की है कि दोनों बोर्ड के अधिकारियों के बीच हालिया बातचीत के दौरान, BCCI ने इस बार इस प्रस्ताव पर आगे बढ़ने में अपनी असमर्थता जताई। साथ ही, यह भी माना जा रहा है कि भारतीय बोर्ड ने भविष्य में ऐसी पहलों के लिए दरवाज़े खुले रखे हैं, बशर्ते पहले से ही व्यस्त कैलेंडर में कोई उपयुक्त समय मिल सके।
WTC के कारण टेस्ट सीरीज अहम
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूद चक्र में अभी सभी टीमें फाइनल में जगह बनाने की रेस में बनी हुई हैं। इसी वजह से WTC के अंतर्गत होने वाली हर सीरीज काफी अहम है। मेजबान श्रीलंका ने अभी तक 2 मैच खेले हैं और उसके खाते में 16 अंक हैं, जबकि उसका जीत प्रतिशत 66.67 है। फिलहाल श्रीलंका तीसरे स्थान पर है। वेस्टइंडीज दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है और अगर श्रीलंका ने दोनों मुकाबले जीते तो उसके पास दक्षिण अफ्रीका को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल करने का मौका रहेगा।
भारत की बात करें तो उसने अभी तक 9 टेस्ट खेले हैं और इस दौरान 52 अंक हासिल करने में सफलता पाई है, जबकि जीत प्रतिशत 48.15 है। टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है। श्रीलंका दौरे पर अच्छा करते हुए उसका प्रयास अपनी स्थिति में सुधार करने का होगा।
यह भी पढ़ें: शोएब अख्तर के भाई के जनाजे में आतंकियों का जमावड़ा! Photos और वीडियो वायरल
Tagged:
team india IND vs SL Sri Lanka Cricket team India tour of sri lanka