लॉर्ड्स में नहीं लिया संन्यास, तो अब इस मैदान पर आखिरी मैच खेल सकते हैं रोहित शर्मा
Table of Contents
Rohit Sharma's last match venue: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के अंतरराष्ट्रीय करियर के ख़त्म होने की चर्चा तेज है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में साफ़ किया जा चुका है कि वर्ल्ड कप 2027 की योजनाओं के लिहाज से चयन समिति रोहित को नहीं शामिल करना चाहती है और अब यशस्वी जायसवाल को मौका देने का मन बना चुकी है। इसी वजह से जल्द ही यह दिग्गज खिलाड़ी संन्यास का ऐलान कर सकता है।
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के रिटायरमेंट की चर्चा इंग्लैंड दौरे के बीच शुरू हुई, जब इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि तीन मैचों की वनडे सीरीज का लॉर्ड्स में होने वाला मुकाबला हिटमैन का भारतीय टीम के लिए आखिरी हो सकता है। इसी वजह से उनके फैंस निराश हो गए थे लेकिन रोहित ने रिटायरमेंट नहीं लिया और एक शतकीय पारी खेली।
Rohit Sharma ने लॉर्ड्स में जड़ा शतक, संन्यास का नहीं किया ऐलान
19 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट को लेकर लगभग हर जगह बात हो रही थी लेकिन इस दिग्गज खिलाड़ी के इरादे अलग ही थे। 39 वर्षीय ने बल्ले के साथ जबरदस्त पारी खेली और अपने वनडे करियर का 34वां शतक जड़ दिया। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत में थोड़ा समय लिया लेकिन फिर पूरे रंग में नजर आए। इस बल्लेबाज ने 110 गेंदों में 17 चौकों और पांच छक्कों की मदद से 138 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 125.45 रहा।
388 के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। जब तक वे क्रीज पर थे, तब तक लग रहा था कि आसानी के साथ भारत लक्ष्य हासिल कर लेगा लेकिन उनके आउट होने के बाद, नीचे के बल्लेबाज तेजी से रन नहीं बना पाए और इंग्लैंड ने 15 रन से मैच जीत लिया।
अब रोहित शर्मा वानखेड़े में खेल सकते हैं आखिरी मैच

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को व्हाइट बॉल क्रिकेट, खासतौर पर वनडे में महान बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। अगर उन्होंने वर्ल्ड कप 2027 से पहले संन्यास का ऐलान किया तो फिर BCCI उन्हें फेयरवेल मैच का तोहफा दे सकता है। अगले साल भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 से 9 जनवरी तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
यही रोहित का अंतिम वनडे हो सकता है। इसकी वजह यह है कि वानखेड़े स्टेडियम रोहित का घरेलू मैदान है और किसी भी अन्य खिलाड़ी की तरह यह पूर्व कप्तान भी अपने इंटरनेशनल करियर को होम ग्राउंड पर ही खत्म करना चाहेगा।
रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट में आंकड़े
रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर की शुरुआत 2007 में की थी। शुरुआती पांच सालों में रोहित ज्यादा सफल नहीं रहे, लेकिन 2013 से उनके करियर में जबरदस्त उछाल आया। यहां से रोहित को लगातार ओपनिंग का मौका मिला, जो उनके वनडे करियर के लिए वरदान साबित हुआ। तब से लेकर अब तक रोहित ने बहुत ही उम्दा प्रदर्शन किया और तीन दोहरे शतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज भी बने।
इस खिलाड़ी के वनडे आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने 288 मैचों में 48.95 की बल्लेबाजी औसत से 11895 रन बनाए हैं। इस दौरान 34 शतक और 62 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनके नाम 369 छक्के हैं, जो इस फॉर्मेट में किसी भी अन्य बल्लेबाज की तुलना में सबसे ज्यादा हैं।
यह भी पढ़ें: टेस्ट में सचिन तेंदुलकर या जो रूट बेस्ट? दोनों के आंकड़ों की तुलना से जानिए पूरा सच