आईपीएल 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स के हाथों मिली हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) का दर्द छलका है। मैच के बाद भावुक बयान देते हुए पंत ने स्वीकार किया कि यह सीजन उनकी टीम के लिए बेहद मुश्किलों भरा रहा है।
हालांकि, उन्होंने टीम का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जीत-हार से परे इस सीजन से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है। लखनऊ की टीम इस हार के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन कप्तान ने अगले साल और मजबूती से वापसी करने का वादा किया है।
हमारे लिए यह एक बेहद कठिन सीजन रहा: Rishabh Pant
मैच खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में बात करते हुए ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो यह हार हमारे लिए पचाना बहुत मुश्किल है।
लेकिन चाहे कुछ भी हो, हमें इस कड़वे घूंट को पीना ही होगा। पंत ने आगे कहा कि एक टीम के रूप में यह सीजन हमारे लिए निश्चित रूप से बहुत कठिन रहा है। मैदान पर आप हमेशा 5-10 रन और बनाने के बारे में सोच सकते हैं,
लेकिन मुझे लगता है कि हमारा स्कोर बोर्ड पर पर्याप्त था। पंत के मुताबिक, इकाना स्टेडियम में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना काफी आसान हो जाता है, यही वजह है कि यहां हर कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करता है।
लगातार मिल रही हार के बावजूद कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) अपनी टीम में सकारात्मक चीजें ढूंढने से पीछे नहीं हटे। उन्होंने टीम के युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की।
पंत ने कहा कि अगर हम पॉजिटिव चीजों को देखें, तो जोश इंग्लिस ने टीम में आकर एक बेहतरीन पारी खेली। मिचेल मार्श भले ही इस समय उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन उन्होंने भी हमारे लिए इस सीजन में कमाल का प्रदर्शन किया है।
इसके अलावा पंत ने गेंदबाजी यूनिट की सराहना करते हुए कहा कि प्रिंस ने इस साल शानदार गेंदबाजी की, जिसके दम पर उन्हें भारतीय टीम का बुलावा भी मिला। चोट के बाद मोहसिन खान की वापसी भी टीम के लिए एक अच्छा संकेत रही है।
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ने टीम के सबसे सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की भूमिका को सबसे अहम बताया। ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने कहा विशेष रूप से शमी भाई की तारीफ करनी होगी। जिस तरह से उन्होंने पूरे सीजन में हमारी तेज गेंदबाजी यूनिट को एक साथ बांधकर रखा, वह देखना वाकई अद्भुत था।
पंत (Rishabh Pant) ने अपने बयान के अंत में कहा कि बिना जवाबदेही के विचारों का कोई महत्व नहीं होता है। उतार-चढ़ाव के बावजूद आपको हमेशा सही रास्ते पर चलने और सही चीजों पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत होती है।
भले ही यह सीजन हमारे लिए लंबा और थका देने वाला रहा, लेकिन हम अपना सिर हमेशा ऊंचा रखेंगे और वादा करते हैं कि अगले साल और अधिक मजबूती के साथ वापसी करेंगे।