विराट कोहली के अचानक संन्यास की वजह आई सामने, टीम के खराब माहौल के चलते उठाया कदम
Table of Contents
भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) काफी जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। कोहली ने पिछले साल से लगातार रन बनाने का काम किया है और उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज बेहतरीन शतक के साथ किया। कोहली ने पूरी तरह डोमिनेट करते हुए नाबाद 139 रन बनाए।
जिस तरह से विराट कोहली (Virat Kohli) ने तिरुवनंतपुरम में बल्लेबाजी की, टेस्ट फॉर्मेट से उनके रिटायरमेंट को लेकर फिर से बात शुरू हो गई है। काफी सारे फैंस का मानना है कि विराट अभी भी रेड बॉल क्रिकेट में अच्छा कर सकते हैं और उन्होंने संन्यास लेकर सही नहीं किया। अब टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कोहली के टेस्ट को अलविदा कहने की वजह का खुलासा किया है।
पिछले साल टेस्ट से रिटायर हुए थे कोहली, कैफ ने किया बड़ा दावा

37 वर्षीय विराट कोहली (Virat Kohli) ने हमेशा से ही टेस्ट फॉर्मेट को अपना पसंदीदा बताया और इसमें उन्होंने लगातार अच्छा करने का प्रयास किया। उन्होंने कप्तान रहते भारतीय टीम को टेस्ट में अलग ही स्तर पर पहुंचाया और घर पर दूसरी बड़ी टीमों को आसानी से धूल चटाने के साथ ही विदेश में जाकर भी कड़ी चुनौती पेश की।
हालांकि, 2024-25 ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शतक जड़ने वाले विराट कोहली ने आईपीएल 2025 के दौरान ही सोशल मीडिया के माध्यम से टेस्ट फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए सभी को चौंका दिया। कई दिग्गजों ने कहा कि शायद यह फैसला खराब फॉर्म की वजह से लिया लेकिन मोहम्मद कैफ का मानना है कि इसके पीछे टीम का खराब माहौल भी एक कारण रहा।
Virat Kohli को टीम में नहीं मिल रही थी तवज्जो
अपने यूट्यूब चैनल पर मोहम्मद कैफ ने कहा कि विराट कोहली (Virat Kohli) को अभी भी टेस्ट से रिटायर होने को लेकर निराशा है लेकिन उन्हें शायद उस तरह से तवज्जो नहीं मिल रही थी या उन्हें ऐसा लग रहा था कि उनकी जरूरत नहीं है। कैफ ने कहा,
"जब मैं इस बारे में उनके इंटरव्यू देखता हूं, तो मुझे उनके चेहरे पर थोड़ी निराशा दिखती है। भले ही उनका फॉर्म खराब रहा हो, लेकिन आप विराट कोहली की बात कर रहे हैं। ऐसा लगता था कि उन्हें लग रहा था कि उन्हें जरूरी अहमियत और समर्थन नहीं मिल रहा है, लोगों को उन पर भरोसा नहीं था। मुझे अब भी लगता है कि अगर वे बने रहते, तो निश्चित रूप से वापसी करते। वह वापसी करने के लिए ही जाने जाते हैं।"
विराट कोहली (Virat Kohli) ने साल 2010 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 123 मैच खेले और 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए। उनके बल्ले से 30 शतक और 31 अर्धशतक आए। उनके फैंस का मानना है कि कोहली को कम से कम 10 हजार रन के क्लब को ज्वाइन करने के बाद ही संन्यास लेना चाहिए था। वहीं, कोहली कई बार अपने संन्यास को सही ठहरा चुके हैं और वापसी की संभावना से भी इनकार किया है।
कोहली के रहने से गिल को मिलेगा फायदा
मोहम्मद कैफ ने आगे यह भी कहा कि विराट कोहली (Virat Kohli) रन बना रहे हैं और वे जितना अधिक समय तक खेलेंगे, उतना ही फायदा युवा कप्तान शुभमन गिल को मिलेगा। कैफ ने कहा,
"वह फिट हैं और रन बना रहे हैं। इससे युवा कप्तान गिल को फायदा होगा। गेंदबाजी की बात करें तो सीनियर खिलाड़ियों की कमी के कारण गिल को गेंदबाजी में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कोहली जितने लंबे समय तक टिके रहेंगे, गिल के लिए कप्तान के तौर पर और भारत के लिए समग्र रूप से उतना ही बेहतर होगा।"
यह भी पढ़ें: IPL के बाद अब इस टी20 लीग का भी हिस्सा नहीं बन पाएंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी, जानिए क्या है वजह