न्यूजीलैंड दौरे से पहले रवींद्र जडेजा के बल्ले ने मचाया गदर, गेंदबाजों की धुनाई कर ठोक दिया शतक
Table of Contents
Ravindra Jadeja Century: न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया को 19 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। व्यस्त शेड्यूल के कारण भारतीय खिलाड़ियों के पास न्यूजीलैंड में ज्यादा पहले जाकर अभ्यास का मौका कम नहीं है। इसी वजह से BCCI ने अपने प्रमुख टेस्ट खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी में खेलने का आदेश दिया और काफी सारे स्टार खिलाड़ी अपने-अपने राज्य के लिए पहले राउंड में हिस्सा ले रहे हैं।
भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) भी अपनी स्टेट टीम सौराष्ट्र से जुड़े और उन्होंने पहले राउंड में शतक जड़कर न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के लिए अपनी हुंकार भर दी है।
सौराष्ट्र के लिए रणजी में Ravindra Jadeja का जबरदस्त शतक

रेड बॉल क्रिकेट में रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने काफी सालों तक अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाया। उन्होंने डोमेस्टिक में बल्ले से भी कमाल किया था लेकिन टेस्ट फॉर्मेट में उनकी बल्लेबाजी का जौहर सही से काफी सालों बाद देखने को मिला और अब वे एक भरोसेमंद बैटर बन चुके हैं। अपने शानदार फॉर्म को जडेजा ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले राउंड में भी जारी रखा और अपने फर्स्ट क्लास करियर का 16वां शतक बनाया।
छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेली 102 रन की पारी
रणजी ट्रॉफी के पहले राउंड में सौराष्ट्र का सामना छत्तीसगढ़ से हो रहा है। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सौराष्ट्र की टीम ने अपनी पहली पारी में 392 का स्कोर खड़ा किया। इसमें रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) का अहम योगदान रहा, जिन्होंने पांचवें नंबर पर आकर शतक जड़ा और 209 गेंदों में 102 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके शामिल रहे।
प्रेरक मांकड़ के साथ निभाई 205 की साझेदारी
एक समय सौराष्ट्र की टीम 151 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा चुकी थी लेकिन यहां से रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने प्रेरक मांकड़ का साथ दिया। प्रेरक ने मोर्चा संभालते हुए 150 गेंदों में 129 रनों की पारी खेली। वे पांचवें विकेट के रूप में आउट हुए लेकिन पवेलियन लौटने से पहले जड्डू के साथ 205 रनों की अहम साझेदारी निभाई और स्कोर को 350 के पार पहुंचाया।
मांकड़ के आउट होने के बाद, जड्डू को निचले क्रम में किसी का साथ नहीं मिला और वह अकेले पड़ गए। आखिरी में भी वे सौराष्ट्र की पारी के अंतिम विकेट के रूप में आउट होकर पवेलियन लौटे।
जडेजा की न्यूजीलैंड दौरे पर रहेगी काफी अहमियत
न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में रवींद्र जडेजा का रोल काफी अहम होने वाला है। वहां की कंडीशंस को देखते हुए भारत की प्लेइंग XI में स्पेशलिस्ट स्पिनर के खेलने की संभावना कम नजर आ रही है। इसी वजह से जडेजा को बल्ले के साथ-साथ अपनी गेंदबाजी से भी कमाल करना होगा।
यह भी पढ़ें: चौथे टी20 के लिए भारत की प्लेइंग XI हुई तय, गंभीर के लाडले की होगी छुट्टी; वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका