रविचंद्रन अश्विन ने बताया उस बल्लेबाज का नाम, जो टेस्ट में बनेगा टीम इंडिया के लिए नई ‘बिग थिंग’

Published - 14 Aug 2026, 10:00 PM | Updated - 14 Aug 2026, 10:01 PM

Team India 2

Team India: भारतीय टेस्ट टीम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है। विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) जैसे अनुभवी बल्लेबाजों की विदाई के बाद टीम मैनेजमेंट को ऐसे खिलाड़ियों की तलाश है, जो लंबे समय तक बल्लेबाजी क्रम की जिम्मेदारी संभाल सकें।

इसी बीच भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने एक युवा बल्लेबाज का समर्थन किया है। अश्विन का मानना है कि इस खिलाड़ी को पर्याप्त अवसर दिए गए तो वह टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया (Team India) की अगली बड़ी खोज बन सकता है। उन्होंने इस बल्लेबाज को नंबर-3 पर लंबे समय तक मौका देने की मांग भी की है।

देवदत्त पडिक्कल के समर्थन में उतरे अश्विन

अश्विन ने बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) को भारत के टेस्ट भविष्य का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। अपने यूट्यूब कार्यक्रम ‘ऐश की बात’ पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पडिक्कल को टीम इंडिया का नियमित टेस्ट खिलाड़ी होना चाहिए। अश्विन उन्हें नंबर-3 पर लगातार अवसर मिलते देखना चाहते हैं।

पडिक्कल के पास नई गेंद का सामना करने के साथ लंबी पारी खेलने की तकनीक भी है। उनकी लंबाई और पहुंच उन्हें तेज गेंदबाजों के खिलाफ अतिरिक्त लाभ देती है। वहीं, बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के कारण वह भारतीय शीर्षक्रम में अलग विकल्प प्रदान करते हैं। अश्विन का मानना है कि किसी बल्लेबाज को लगातार मौके दिए बिना उसकी वास्तविक क्षमता का आकलन करना मुश्किल होता है।

घरेलू क्रिकेट में लगातार बना रहे रन

देवदत्त पडिक्कल (Devdutने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से टेस्ट टीम के लिए मजबूत दावा पेश किया है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में 232 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी क्षमता साबित की थी। इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी में भी उनका रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। वह तीन अलग-अलग सीजन में 600 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने।

पडिक्कल भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण भी कर चुके हैं। मार्च 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला टेस्ट में उन्होंने 65 रनों की प्रभावशाली पारी खेली थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें एक और मुकाबला खेलने का अवसर मिला। सीमित मौकों के बावजूद उन्होंने दिखाया कि वह शीर्षक्रम में जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

Team India के लिए नंबर-3 पर बन सकते हैं लंबे समय का विकल्प

श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मुकाबले में पडिक्कल ने नंबर-3 पर खेलते हुए नाबाद 142 रन बनाए। स्पिन के अनुकूल परिस्थितियों में आई इस पारी ने उनके दावे को और मजबूत कर दिया। साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद पडिक्कल के पास इस स्थान को स्थायी रूप से अपना बनाने का सुनहरा अवसर है।

अश्विन चाहते हैं कि टीम मैनेजमेंट उन्हें एक-दो मुकाबलों के आधार पर आंकने के बजाय लंबा मौका दे। पडिक्कल तकनीकी रूप से मजबूत होने के साथ आक्रामक शॉट लगाने में भी सक्षम हैं। यदि वह घरेलू क्रिकेट की अपनी निरंतरता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बरकरार रखते हैं, तो अश्विन की भविष्यवाणी सही साबित हो सकती है और पडिक्कल टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया की नई ‘बिग थिंग’ बन सकते हैं।

यह भी पढ़े: अपने करियर में कभी OUT नहीं हुआ ये भारतीय बल्लेबाज, लेकिन गंदी राजनीति के चलते खत्म हुआ करियर

Tagged:

team india Ravichandran Ashwin devdutt padikkal cricket news
Vineet Kishor

यह लेखक Cricketaddictor का एक सदस्य है जो क्रिकेट से जुड़ी खबरों और विश्लेषण पर लिखता है।

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com