माइक हेसन से हेड कोच की गद्दी छिनने जा रहा है PCB, इस दिग्गज को जिम्मेदारी देने की तैयारी

Published - 28 May 2026, 04:04 PM | Updated - 28 May 2026, 04:08 PM

Mike Hesson

Mike Hesson : पाकिस्तान क्रिकेट टीम में एक बार फिर बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। हाल ही में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब टीम के कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव करने जा रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज के बाद माइक हेसन (Mike Hesson) का कार्यकाल ODI टीम के साथ समाप्त हो सकता है।

इसके साथ ही इस दिग्गज खिलाड़ी को पाकिस्तान टीम के टेस्ट और वनडे बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी देने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट में लगातार खराब प्रदर्शन, टीम चयन को लेकर विवाद और खिलाड़ियों के बीच अस्थिर माहौल के कारण PCB एक बार फिर नया कोचिंग मॉडल अपनाने की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Mike Hesson के कार्यकाल पर उठने लगे सवाल

माइक हेसन (Mike Hesson) को PCB ने 13 मई 2025 को पाकिस्तान टीम का व्हाइट बॉल हेड कोच नियुक्त किया था, जबकि उन्होंने आधिकारिक तौर पर 26 मई 2025 से टीम की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वह न्यूजीलैंड टीम के सफल कोच रह चुके थे और IPL में RCB के साथ भी लंबे समय तक काम कर चुके थे।

हेसन (Mike Hesson) के कार्यकाल में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। टीम एशिया कप 2025 और ICC टूर्नामेंट्स में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी।

एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी टीम का प्रदर्शन बेहद साधारण रहा और पाकिस्तान सुपर-8 से आगे नहीं बढ़ पाया। इसके अलावा तीनों फॉर्मेट्स में टीम लगातार संघर्ष करती नजर आई।

हाल ही में मोहम्मद रिजवान को ODI टीम से बाहर करने और कप्तानी बदलाव को लेकर भी काफी विवाद देखने को मिला। खुद माइक हेसन ने बयान दिया था कि पिछले 12 महीनों में पाकिस्तान टीम बहुत कम मुकाबले जीत पाई है और इसी कारण बड़े बदलाव जरूरी थे। इस बयान के बाद PCB और टीम मैनेजमेंट की रणनीति पर लगातार सवाल उठने लगे।

कुमार संगकारा बन सकते हैं पाकिस्तान के कोच

रिपोर्ट्स के मुताबिक PCB कुमार संगकारा को टेस्ट और वनडे टीम का बल्लेबाजी कोच बनाने पर विचार कर रहा है। संगकारा का अनुभव और युवा खिलाड़ियों के साथ काम करने की क्षमता काफी शानदार मानी जाती है। IPL में राजस्थान रॉयल्स के साथ उनका काम भी काफी सफल रहा है।

पाकिस्तान टीम पिछले कुछ समय से बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी से जूझ रही है। बाबर आजम और रिजवान पर ज्यादा निर्भरता टीम को नुकसान पहुंचाती रही है। ऐसे में PCB ऐसे कोच की तलाश में है जो खिलाड़ियों की तकनीक और मानसिक मजबूती दोनों पर काम कर सके।

PCB में लगातार जारी है बदलावों का दौर

पाकिस्तान क्रिकेट में पिछले कुछ वर्षों से लगातार कोचिंग बदलाव देखने को मिले हैं। गैरी कर्स्टन, जेसन गिलेस्पी, आकिब जावेद और अब माइक हेसन (Mike Hesson) को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। PCB पर बार-बार जल्द फैसले लेने और टीम में स्थिरता न बरक़ार रखने पर लगातार आलोचना हो रही है।

अब PCB आगामी ICC टूर्नामेंट्स को ध्यान में रखते हुए मजबूत सपोर्ट स्टाफ तैयार करना चाहता है। इसी वजह से कुमार संगकारा जैसे अनुभवी खिलाड़ी को टीम से जोड़ने की चर्चा तेज हो गई है।

ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद हो सकता है बड़ा ऐलान

सूत्रों के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज माइक हेसन (Mike Hesson) के भविष्य के लिए काफी अहम मानी जा रही है। अगर टीम का प्रदर्शन खराब रहा तो PCB बड़ा बदलाव कर सकता है। रिपोर्ट्स में कुमार संगकारा का नाम नए कोचिंग सेटअप के लिए सबसे आगे बताया जा रहा है।

अगर संगकारा पाकिस्तान टीम से जुड़ते हैं, तो इसे सिर्फ कोचिंग बदलाव नहीं बल्कि टीम के क्रिकेटिंग कल्चर को सुधारने की बड़ी कोशिश मानी जाएगी।

ये भी पढ़े : इन 4 स्टार खिलाड़ियों को रिटेन नहीं करेंगी फ्रेंचाइजियां! IPL 2027 से पहले होगा बड़ा फैसला

Tagged:

PCB Kumar Sangakkara Mike Hesson pakistan cricket
Vasu Jain

मुझे क्रिकेट से गहरा लगाव है और मैं वर्ष 2007 से इस खेल को लगातार देखता और समझता आ रहा हूँ। क्रिकेट... रीड मोर

माइक हेसन

कुमार संगकारा
For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com