वेस्टइंडीज और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम का हुआ ऐलान, बाबर आजम फिर बने कप्तान

Published - 05 Jul 2026, 01:14 PM | Updated - 05 Jul 2026, 01:44 PM

Pakistan Team 2

Pakistan Squads For West Indies-England Tour: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पाकिस्तान ने अभी तक दो सीरीज खेली हैं और दोनों में ही उसे जीत नसीब नहीं हुई है। इस दौरान बांग्लादेश के हाथों पिछली सीरीज में बुरी तरह क्लीन स्वीप भी होना पड़ा। अब पाकिस्तान को WTC के अंतर्गत वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का दौरा करना है। इन दोनों दौरों पर कुल 5 टेस्ट खेले जाएंगे। इनके लिए पाकिस्तान ने दो अलग-अलग स्क्वाड घोषित किए हैं।

25 जुलाई से शुरू होने वाले वेस्टइंडीज दौरे के लिए 16 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी। वहीं, 1 अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 17 खिलाड़ी चुने गए हैं। इन स्क्वाड के साथ-साथ सबसे बड़ी घोषणा कप्तानी को लेकर हुई है और बाबर आजम को फिर से टेस्ट में पाकिस्तान (Pakistan) की कमान सौंपी गई है।

शान मसूद की जगह बाबर आजम को बनाया गया Pakistan का कप्तान

Pakistan Team 3

पाकिस्तान (Pakistan) की टीम वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे पर शान मसूद की नहीं, बाबर आजम की कप्तानी में खेलती नजर आएगी। मसूद को तीन साल पहले कप्तान बनाया गया था लेकिन उनकी अगुआई में टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहा। उन्होंने 16 में 12 टेस्ट में हार का सामना किया। इस दौरान दो बार बांग्लादेश के हाथों क्लीन स्वीप होना पड़ा। इसी वजह से पीसीबी ने बड़ा फैसला लेते हुए अनुभवी बाबर को फिर से कप्तान नियुक्त किया है।

बता दें कि शान मसूद को तभी टेस्ट की कमान मिली थी, जब बाबर आजम ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी थी। अब देखना होगा कि दोबारा कप्तानी मिलने पर बाबर पाकिस्तान (Pakistan) को जीत की राह पर ला पाएंगे या नहीं।

शाहीन समेत ये खिलाड़ी हुए ड्रॉप, चार अनकैप्ड को मिला मौका

अपनी पिछली टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश के हाथों मिली शर्मनाक शिकस्त के बाद, पाकिस्तान (Pakistan) ने कुछ कड़े फैसले भी लिए हैं। तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी और हसन अली के साथ-साथ स्पिनर नोमान अली को भी ड्रॉप कर दिया गया है। इसके अलावा सऊद शकील भी वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि, उन्हें इंग्लैंड सीरीज के लिए चुना गया है, लेकिन फिटनेस पर चयन निर्भर करेगा।

जहां सीनियर्स को बाहर किया गया है, वहीं चार नए खिलाड़ियों को मौका मिला है। सिलेक्टर्स ने टीमों में चार ऐसे खिलाड़ियों को शामिल किया है जिन्होंने अभी तक कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान, बल्लेबाज मुहम्मद अवैस जफर, तेज गेंदबाज उबैद शाह और विकेटकीपर-बल्लेबाज मुहम्मद गाजी गोरी के पास इंटरनेशनल डेब्यू का मौका रहेगा।

वेस्टइंडीज दौरे के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड

बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम उल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद अवैस जफर, मुहम्मद गाजी गोरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद, उबैद शाह

इंग्लैंड दौरे के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड

बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम उल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद अवैस जफर, सऊद शकील (फिटनेस पर निर्भर), मुहम्मद गाजी गोरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद, उबैद शाह

यह भी पढ़ें: IND vs ENG 3rd T20 Live: टीवी और मोबाइल पर कहां देखें भारत-इंग्लैंड मुकाबला? जानें पूरी डिटेल

Tagged:

Pakistan Cricket Team babar azam England Cricket Team Shaheen Shah Afridi west indies cricket team Shan Masood
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com