अब सिर्फ इस समीकरण से ही प्लेऑफ़ में क्वालीफाई कर पाएगी CSK, नहीं तो टूर्नामेंट से पैक हो जायेगा बोरिया-बिस्तर
Table of Contents
CSK : आईपीएल 2026 के लखनऊ के एकाना स्टेडियम में खेले गए अहम मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कार्तिक शर्मा के शानदार अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 187/5 का मजबूत स्कोर बनाया था।
एक समय ऐसा लग रहा था कि CSK इस मैच को जीतकर प्लेऑफ की रेस में बड़ी छलांग लगा सकती है, लेकिन मिचेल मार्श ने अपने तूफानी बल्लेबाज़ी और अंत में निकोलस पूरन के शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत लखनऊ ने सिर्फ 16.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और प्लेऑफ के रास्ते में चेन्नई की सारी योजनाओं पर पानी फेर दिया।
मिचेल और जोश की ओपनिंग साझेदारी बनी CSK की हार की वजह
188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाज़ों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 11.4 ओवर में 135 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर मैच को पूरी तरह LSG के पक्ष में मोड़ दिया। इस साझेदारी ने चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज़ों पर लगातार दबाव बनाए रखा और टीम को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
मिचेल मार्श शुरुआत से ही बेहद आक्रामक अंदाज़ में दिखाई दिए। उन्होंने पावरप्ले के दौरान ही CSK के गेंदबाज़ों पर जमकर हमला बोला और तेज़ी से रन बनाते हुए मैच का रुख बदल दिया।
मार्श ने सिर्फ 34 गेंदों में 83 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर, जोश इंग्लिस ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और 32 गेंदों में 36 रन बनाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पावरप्ले खत्म होने तक लखनऊ का स्कोर बिना किसी नुकसान के 86 रन पहुंच चुका था, जिससे सीएसके पर दबाव लगातार बढ़ता गया। मार्श के आउट होने तक मुकाबला लगभग लखनऊ की पकड़ में जा चुका था।
CSK के गेंदबाज़ बीच-बीच में विकेट लेने में सफल जरूर रहे, लेकिन वे रन गति पर नियंत्रण नहीं कर सके और इसी वजह से लगातार तीन मैच जीतकर आ रही सीएसके की जीत की लय टूट गई।
अब प्लेऑफ की राह हुई बेहद मुश्किल
इस हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ की राह अब पहले से काफी कठिन हो गई है। टीम ने अब तक 12 मुकाबलों में छह जीत और छह हार के साथ 12 अंक हासिल किए हैं और फिलहाल अंक तालिका में छठे स्थान पर मौजूद है।
अगर चेन्नई इस मैच को जीत जाती तो उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना लगभग 65 प्रतिशत तक मानी जा रही थी। साथ ही टीम टॉप चार में जगह बनाकर तीसरे स्थान तक पहुंच सकती थी।
लेकिन हार के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है। अब सीएसके की टॉप-4 में पहुंचने की संभावना काफी कम हो गई है। टीम को अब केवल अपने प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। ऐसे में चेन्नई के लिए आगे की हर जीत अब फाइनल मुकाबले जैसी बन चुकी है।
सिर्फ इसी समीकरण से बच सकती है सीएसके
चेन्नई सुपर किंग्स के पास अब प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता तो मौजूद है, लेकिन यह बिल्कुल आसान नहीं होने वाला। टीम को अपने बचे हुए दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। सीएसके के अगले दोनों मैच काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।
टीम को 18 मई को अपने घरेलू मैदान एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में सनराइज़र्स हैदराबाद का सामना करना है, जबकि अपना आखिरी लीग मुकाबला 21 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलना होगा।
ये दोनों टीमें इस सीज़न में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत स्थिति में बनी हुई हैं। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इन दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करना आसान नहीं होगा।
अगर CSK अपने अगले दोनों मैच जीत लेती है तो उसके कुल 16 अंक हो जाएंगे। इसके साथ ही टीम को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि नेट रन रेट में भी सुधार हो सके।
इसके अलावा CSK को यह भी उम्मीद करनी होगी कि प्लेऑफ की रेस में शामिल अन्य टीमें अपने कुछ मुकाबले हार जाएं। अगर बाकी नतीजे उनके पक्ष में नहीं जाते हैं तो 16 अंक हासिल करने के बाद भी टीम बाहर हो सकती है। ऐसे में अब चेन्नई के लिए हर मैच करो या मरो की स्थिति बन चुकी है।
ये भी पढ़े : Hardik Pandya से पहले टीम इंडिया के ये 5 स्टार खिलाड़ी भी कर चुके 2 शादी, एक से नहीं भरा इनका मन
Tagged:
csk cricket news CSK vs LSG IPL 2026 CSK Playoff Chances