मैकुलम या मॉर्गन नहीं, ये दिग्गज बन सकता है CSK का नया हेड कोच
Table of Contents
CSK New Head Coach: पांच बार की IPL विजेता चेन्नई सुपर किंग्स का नया हेड कोच कौन होगा, इस सवाल का जवाब जानने के लिए फैंस बेताब हैं। 18 साल तक चेन्नई की टीम की जिम्मेदारी संभालने वाले स्टीफन फ्लेमिंग ने फ्रेंचाइजी के साथ आपसी सहमति के बाद अपना पद छोड़ दिया। इसके बाद, उनके रिप्लेसमेंट के दावेदारों में ब्रेंडन मैकुलम और इयोन मॉर्गन के नाम सामने आए।
अब CSK का हेड कोच बनने की रेस में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज का नाम भी सामने आ रहा है, जिनका कोचिंग रिकॉर्ड फ्रेंचाइजी क्रिकेट के साथ-साथ इंटरनेशनल लेवल पर भी दमदार रहा है। यह शख्स कोई और नहीं, बल्कि ट्रेवर बेलिस हैं।
Trevor Bayliss का शानदार कोचिंग रिकॉर्ड

CSK के हेड कोच बनने की रेस में ट्रेवर बेलिस को एक मजबूत दावेदार माना जा सकता है। उनका कोचिंग रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है और वह आईपीएल में भी चैंपियन टीमों के साथ काम कर चुके हैं। उनके पास कोचिंग में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। अब तक के करियर की उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि इंग्लैंड को 2019 वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन बनाना रही है।
वहीं, फ्रेंचाइजी क्रिकेट में बेलिस के साथ सिडनी सिक्सर्स ने 2011 में BBL और CLT20 के टाइटल जीते थे। वहीं, 2012 और 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनकी कोचिंग में ही ख़िताब जीते थे। KKR के अलावा, ट्रेवर बेलिस ने सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के साथ भी काम किया है।
मैकुलम और मॉर्गन की तुलना में बेलिस बेहतर विकल्प
ब्रेंडन मैकुलम और इयोन मॉर्गन के पास कोचिंग का बहुत ज्यादा अनुभव नहीं है। मैकुलम ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ काम किया है। वहीं, इंग्लैंड की टीम के साथ काफी समय से मुख्य कोच के रूप में हैं। हाल में उन्होंने टेस्ट की कोचिंग से इस्तीफ़ा दिया लेकिन व्हाइट बॉल में अभी भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हालांकि, बतौर कोच उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली है।
वहीं, मॉर्गन के कोचिंग का अनुभव नहीं है। उन्होंने संन्यास के बाद, बतौर कमेंटेटर अपनी नई पारी शुरू की लेकिन किसी भी टीम के कोच के रूप में काम नहीं किया है। इसी वजह से CSK का हेड कोच बनने के लिए मॉर्गन की दावेदारी थोड़ी कमजोर लग रही है।
इन दोनों की तुलना में ट्रेवर बेलिस ज्यादा मजबूत विकल्प नजर आते हैं, क्योंकि उनका रिकॉर्ड इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ IPL में भी अच्छा है।
CSK के नए हेड कोच के सामने होंगे कई बड़े चैलेंज
स्टीफन फ्लेमिंग के हटने का मुख्य कारण पिछले तीन सीजन से CSK का एक भी ख़िताब नहीं जीतना रहा। खिताबी जीत तो दूर, टीम एक बार भी प्लेऑफ में नहीं पहुंची। इसी वजह से फ्लेमिंग पर सवाल उठ रहे थे। उनके साथ एक समय चेन्नई सुपर किंग्स काफी सफल रही थी और 5 टाइटल भी अपने नाम किए थे। इसके अलावा दो बार CLT20 भी जीता था। हालांकि, जब से एमएस धोनी ने कप्तान के रूप में हटने का फैसला किया, फ्लेमिंग का प्रभाव भी कम हो गया।
ऐसे में अब CSK के नए हेड कोच के सामने सबसे पहले एक मजबूत स्क्वाड तैयार करना होगा, जो टीम की विरासत को आगे बढ़ा सके। वहीं, खिताबी जीत का जो सूखा चला आ रहा है, उसे भी खत्म करना होगा।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में कुछ ऐसी होगी भारत की प्लेइंग इलेवन, वैभव, अभिषेक, ईशान, अय्यर, तिलक.....