नाइजीरिया ने रचा इतिहास, जिम्बाब्वे को 4 रन से पछाड़कर वर्ल्ड कप 2027 का टिकट किया पक्का
Table of Contents
Nigeria qualify for U19 Women’s T20 World Cup 2027: ICC जूनियर टीमों के बीच वर्ल्ड कप आयोजित कराता है और इसी क्रम में अगले साल अंडर-19 टीमों के बीच महिला टी20 वर्ल्ड कप 2027 होना है। इसमें कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से 11 टीमों को डायरेक्ट एंट्री मिलेगी। इनमें मेजबान देश बांग्लादेश और नेपाल भी शामिल हैं। वहीं, अन्य 9 को पिछले टूर्नामेंट के आधार पर डायरेक्ट क्वालिफिकेशन मिला है।
हालांकि, बाकी 5 टीमों का फैसला क्वालीफायर टूर्नामेंट के माध्यम से होगा, जो क्षेत्रीय आधार पर आयोजित हो रहे हैं। इनमें से चार क्वालीफायर टूर्नामेंट हो चुके हैं और अफ्रीका क्वालीफायर जीतकर नाइजीरिया (Nigeria) ने 2027 में होने वाले अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
जिम्बाब्वे को फाइनल में हराकर Nigeria ने किया क्वालीफाई

अफ्रीका क्वालीफायर के फाइनल में नाइजीरिया (Nigeria) और जिम्बाब्वे ने जगह बनाई थी। दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला लो स्कोरिंग रहा, जिसमें नाइजीरिया ने 4 रन से बाजी मारी। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइजीरिया की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 98 का स्कोर खाद किया, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 19.5 ओवर में 94 रन बनाकर ढेर हो गई।
इस तरह नाइजीरिया (Nigeria) ने अगले साल होने वाले अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण के लिए अफ्रीका की एकमात्र क्वालिफिकेशन जगह पक्की कर ली। वे इस टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका के साथ मिलकर महाद्वीप का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नाइजीरिया के कप्तान का भावुक बयान
जिम्बाब्वे को हराकर अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2027 में जगह पक्की करने के बाद, नाइजीरिया की कप्तान क्रिस्टाबेल चुक्वुओन्ये भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा,
"जब मैच खत्म हुआ तो मैं सचमुच रो पड़ी क्योंकि मैं अपनी भावनाओं को बयां नहीं कर पा रही थी। अगला चरण तो बस शुरुआत है और हमें पता है कि यह और भी मुश्किल होगा। मेरी टीम वाकई में सबसे बेहतरीन रही है। उन्होंने कोच की बात मानी, एकजुट रहे और आखिरी ओवर के दबाव के बावजूद अपना संयम बनाए रखा। कोचिंग टीम और अपने खिलाड़ियों के सहयोग के बिना मैं यह ट्रॉफी नहीं जीत पाती। मैं उन सभी की बहुत आभारी हूं।"
इन 13 टीमों ने किया क्वालीफाई
अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2027 के लिए अब तक 13 टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है। इनमें मेजबान बांग्लादेश और नेपाल के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, नाइजीरिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, समोआ भी शामिल हैं। सिर्फ एक स्थान बाकी है, जिसके लिए यूरोप क्वालीफायर का आयोजन होगा।
यह भी पढ़ें: भारत के बाद श्रीलंका ने हासिल किया सेमीफाइनल का टिकट, बांग्लादेश को 4 विकेट से चटाई धूल
Tagged:
U19 Women’s T20 World Cup 2027 Nigeria Women Under-19 Team Zimbabwe Women Under-19 Team