भारत के बाद श्रीलंका ने हासिल किया सेमीफाइनल का टिकट, बांग्लादेश को 4 विकेट से चटाई धूल
Table of Contents
Sri Lanka qualifies for Semi-Final: दुबई में खेले जा रहे महिला एशिया कप 2026 की दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम का नाम सामने आ गया है। भारत के बाद, श्रीलंकाई टीम भी अंतिम-4 में जगह बनाने में सफल रही। टूर्नामेंट के 10वें ग्रुप मैच में बांग्लादेश को 4 विकेट से हराकर श्रीलंका ने जीत की हैट्रिक पूरी की और अगले राउंड के लिए क्वालीफाई भी कर लिया।
इस मुकाबले में पहले खेलते हुए बांग्लादेश की टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद 114/8 का ही स्कोर बना पाई। जवाब में श्रीलंका (Sri Lanka) ने 19.2 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली।
बांग्लादेशी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने में रहे नाकाम

टॉस गंवाकर बांग्लादेश की टीम को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण मिला। हालांकि, टीम की शुरुआत ज्यादा तेज नहीं रही लेकिन दिलारा अख्तर और जुएरिया फिरदौस की ओपनिंग जोड़ी ने 31 रन जोड़े। फिरदौस 14 रन बनाकर पांचवें ओवर में आउट हुईं। दिलारा ने 26 रन बनाए और सातवें ओवर में पवेलियन लौटी।
इसके बाद, सोभना मोस्ट्री (34) के अलावा अन्य कोई खास योगदान नहीं दे पाया। हालांकि, मोस्ट्री की पारी भी धीमी रही और उन्होंने 41 गेंदों का सहारा लिया। फाहिमा खातून ने 14 रन बनाए। श्रीलंका (Sri Lanka) की तरफ से चमुदी प्रबोधा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
हर्षिता समरविक्रमा ने शानदार पारी से Sri Lanka को दिलाई जीत
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका (Sri Lanka) को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लग गया और कप्तान चमारी अट्टापट्टू 1 रन बनाकर आउट हो गईं। उनकी जोड़ीदार इमेशा दुलानी (12) भी सस्ते में ही आउट हो गईं। संजना काविंदी ने 9 रन बनाए और पावरप्ले के आखिरी ओवर में 29 के स्कोर पर पवेलियन लौटीं।
इसके बाद, 44 के स्कोर पर श्रीलंका को पांचवां झटका भी लग गया। हालांकि, नीलाक्षिका सिल्वा (18) के साथ मिलकर हर्षिता समरविक्रमा ने टीम के स्कोर को 82 तक पहुंचाया और फिर नाबाद रहते हुए अपनी टीम को जीत भी दिला दी। उन्होंने 37 गेंदों में 48 रनों की पारी खेली। कौशिनी नुथ्यांगना ने भी 11 रन नाबाद बनाए। बांग्लादेश की तरफ से मरूफा अख्तर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम बनी श्रीलंका
बांग्लादेश को हराते ही श्रीलंका (Sri Lanka) के 3 मैचों में 6 अंक हो गए और वो सेमीफाइनल में जगह बनाने के मामले में ग्रुप बी से पहली और मौजूदा टूर्नामेंट की दूसरी टीम बनी। श्रीलंका से पहले भारत ने अंतिम-4 में जगह बनाई थी। हालांकि, भारतीय टीम ग्रुप ए में है। भारत ने अपने पहले दो मैचों में थाईलैंड और हांगकांग को बड़े अंतर से हराकर क्वालीफाई कर लिया था। इसके बाद अपने तीसरे मैच में भी बाजी मारी और पाकिस्तान को धूल चटाई।
यह भी पढ़ें: UP T20 लीग में मेरठ ने रचा इतिहास, रिंकू सिंह की कप्तानी में लखनऊ को 94 रनों से रौंदकर दूसरी बार जीता खिताब
Tagged:
india women cricket team Bangladesh Women Cricket team Sri Lanka women cricket team Women's Asia Cup 2026