UP T20 लीग में मेरठ ने रचा इतिहास, रिंकू सिंह की कप्तानी में लखनऊ को 94 रनों से रौंदकर दूसरी बार जीता खिताब

Published - 07 Sep 2026, 09:52 AM | Updated - 07 Sep 2026, 10:45 AM

UP T20 League

UP T20 League 2026 Final: यूपी टी20 लीग का चौथा सीजन रिंकू सिंह की कप्तानी वाली टीम मेरठ मावेरिक्स के नाम रहा। इकाना स्टेडियम में खेले गए खिताबी मैच में मेरठ मेवरिक्स ने भुवनेश्वर कुमार की अगुआई वाली लखनऊ फाल्कन्स को एकतरफा अंदाज में 94 रनों से हराकर दूसरी बार टूर्नामेंट जीतने में कामयाबी हासिल की।

मैच में पहले खेलते हुए मेरठ की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 203 रन बनाए, जिसके जवाब में लखनऊ की टीम 16 ओवर में 109 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

दिव्यांश के शतक से मेरठ ने बनाया 200 से ज्यादा का स्कोर

UP T20 League 1

UP T20 League 2026 के फाइनल में मेरठ मेवरिक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मेरठ की शुरुआत शानदार रही और स्वास्तिक चिकारा-दिव्यांश जोशी की ओपनिंग जोड़ी ने 53 रन जोड़े। इसके बाद, दिव्यांश ने रितुराज शर्मा (24) के साथ अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए स्कोर को 100 के पार पहुंचाया।

इसके बाद, अक्षय दुबे (15) और कप्तान रिंकू सिंह (1) सस्ते में आउट हो गए लेकिन दिव्यांश ने एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने धुआंधार शतक जड़ा और 40 गेंदों में 105 रन बनाए। इस तरह मेरठ की टीम 203 के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। UP T20 League के फाइनल में लखनऊ फाल्कन्स की तरफ से अभिनंदन सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।

लखनऊ फालकन्स के बल्लेबाज हुए ढेर, विशाल ने गेंद से बरपाया कहर

लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ फालकन्स की शुरुआत खराब रही और 13 के स्कोर तक दो विकेट गिर गए। इसके बाद, मोहम्मद सैफ (10) के साथ अजीत वर्मा (39) ने स्कोर को 50 के पार पहुंचाया। पावरप्ले के बाद फिर से विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया, जो आखिरी तक जारी रहा। हालत इतनी खराब रही कि पूरी पारी में सिर्फ तीन ही बल्लेबाज डबल डिजिट स्कोर तक पहुंच पाए। इसी वजह से चार ओवर शेष रहने के बावजूद लखनऊ की पारी समाप्त हो गई और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा।

मेरठ मेवरिक्स की तरफ से स्पिनर विशाल चौधरी ने शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने UP T20 League 2026 के फाइनल में चार ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए।

मेरठ मेवरिक्स ने दूसरी बार जीता UP T20 League का खिताब

लखनऊ फालकन्स को हराते ही मेरठ मेवरिक्स चैंपियन बन गई। इस टीम ने दूसरी बार UP T20 League का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले मेरठ की टीम ने 2024 के फाइनल में कानपुर सुपरस्टार्स को हराकर चैंपियन बनने में कामयाबी हासिल की थी।

यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए टीम का हुआ ऐलान, स्टार खिलाड़ी की हुई वापसी

Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com