न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए किया स्क्वाड का ऐलान, एक साल बाद हुई खूंखार खिलाड़ी की वापसी
Table of Contents
India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड की टीमें जब भी आमने-सामने आती हैं, फैंस को कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। न्यूजीलैंड ने पिछली टेस्ट और वनडे सीरीज में अपना दबदबा साबित किया था लेकिन टी20I में टीम इंडिया ने बाजी मारी थी। अब इनके बीच फिर से पांच मैचों की टी20I सीरीज देखने को मिलेगी।
दरअसल,अक्टूबर-दिसंबर में न्यूजीलैंड को भारत की मेजबानी करनी है। इस दौरान दोनों के बीच 5 टी20I, 5 वनडे और 2 टेस्ट खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड ने टी20I सीरीज के लिए अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेली जाएगी।
न्यूजीलैंड ने T20I सीरीज के लिए स्क्वाड में कई प्रमुख खिलाड़ियों को दिया मौका
2026 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत के हाथों हारने वाली न्यूजीलैंड टीम ने एक मजबूत स्क्वाड का चयन किया है और 13 ऐसे खिलाड़ियों को चुना है, जो फरवरी-मार्च में खेले गए ICC टूर्नामेंट का हिस्सा थे। स्क्वाड की कमान स्पिन ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर संभालेंगे।
स्क्वाड में फिन एलन, टिम साइफर्ट, डैरिल मिचेल, डेवोन कॉनवे और मार्क चैपमैन जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, तेज गेंदबाजी विभाग में मैट हेनरी, काइल जेमिसन और लोकी फर्ग्यूसन जैसे अनुभवी पेसर हैं। इनके अलावा एक ऐसे तेज गेंदबाज को भी जगह मिली है, जिसने न्यूजीलैंड के लिए पिछले एक साल से नहीं खेला है।
भारत के खिलाफ टी20I सीरीज के लिए एडम मिल्ने को मिला New Zealand टीम में मौका

जिस खिलाड़ी ने न्यूजीलैंड के लिए एक साल से नहीं खेला है, वह कोई और नहीं बल्कि तेज गेंदबाज एडम मिल्ने हैं। दाएं हाथ के पेसर ने न्यूजीलैंड के लिए अपना अंतिम टी20I मैच जुलाई, 2025 में खेला था। इसके बाद से उन्हें स्क्वाड में कई बार जरूर मौका मिला, लेकिन चोटिल होने के कारण वे खेल नहीं पाए।
उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी चुना गया था, लेकिन चोट की वजह से बाहर हो गए थे। हालांकि, अब मिल्ने फिट हो गए हैं और उन्हें भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुना गया है। 34 वर्षीय ने न्यूजीलैंड के लिए 54 टी20I मुकाबलों में 65 विकेट लिए हैं।
इस तेज गेंदबाज के अलावा स्पिन ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल की भी वापसी हुई है। यह खिलाड़ी भी चोट के कारण कुछ महीनों से बाहर चल रहा था, लेकिन अब फिट होकर वापसी की है।
24 साल के बेवोन जैकब्स को भी स्क्वाड का हिस्सा
न्यूजीलैंड ने अपने स्क्वाड में 24 वर्षीय मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज बेवोन जैकब्स को भी चुना है। जैकब्स को तेजी से रन बनाने के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच बांग्लादेश दौरे पर इसी साल मई में खेला था। अभी तक उन्होंने सबसे छोटे फॉर्मेट में न्यूजीलैंड के लिए 11 मुकाबले खेले हैं और 142.96 के स्ट्राइक रेट से 183 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी आया है।
भारत के खिलाफ टी20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का 16 सदस्यीय स्क्वाड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैक फॉल्क्स, मैट हेनरी, बेवोन जैकब्स, काइल जेमिसन, एडम मिल्ने, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट, नाथन स्मिथ
यह भी पढ़ें: IND vs NZ सीरीज से पहले टीम के लिए आई ‘BAD NEWS’, स्टार खिलाड़ी इंजर्ड होकर हुआ बाहर