ETPL में मैक्सवेल का धुआंधार अंदाज, चौके-छक्कों की बारिश कर खेली तूफानी पारी; अश्विन की टीम को मिली करारी हार
Table of Contents
ETPL 2026 का रोमांच जारी है और दूसरे मैच में कई स्टार खिलाड़ी एक्शन में नजर आए। यह मुकाबला बेलफास्ट वॉल्व्स और डबलिन गार्डियंस के बीच खेला गया। इसमें बेलफास्ट की टीम 52 रनों से जीत दर्ज करने में सफल रही। पहले खेलते हुए बेलफास्ट वॉल्व्स ने 20 ओवर में 184/7 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में डब्लिन गार्डियंस पूरे ओवर खेलकर 132/9 का ही स्कोर बना पाई।
फैंस को ETPL 2026 के पहले मैच में फाफ डु प्लेसी का जलवा देखने को मिला था। वहीं, दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया और धुआंधार अर्धशतक बनाकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
ETPL 2026 में अश्विन की टीम पर भारी पड़े मैक्सवेल
यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के उद्घाटन सीजन के दूसरे मैच में बेलफास्ट वॉल्व्स के कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने रविचंद्रन अश्विन के नेतृत्व वाली डब्लिन गार्डियंस के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 38 गेंदों में 157.89 की स्ट्राइक रेट से 60 रन बनाए। इस दौरान उनकी पारी में दो चौके और चार छक्के भी शामिल रहे।
बता दें कि ग्लेन मैक्सवेल काफी समय से बल्ले के साथ अपने बेस्ट फॉर्म में नहीं रहे हैं लेकिन उन्होंने ETPL 2026 की काफी अच्छी शुरुआत की है। अगर उनका बल्ला ऐसे ही चला तो फिर बेलफास्ट वॉल्व्स के लिए आगे की राह आसान हो सकती है।
मैक्सवेल-चैपमैन की पारियों से बेलफास्ट ने बनाया 184 का स्कोर

ETPL 2026 के दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बेलफास्ट वॉल्व्स की शुरुआत अच्छी रही। पॉल स्टर्लिंग (31) ने टिम टेक्टर (12) के साथ पहले विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी की। लेकिन यहां से विकेटों का सिलसिला शुरू हुआ और देखते ही देखते स्कोर 68/4 हो गया। मुश्किल में नजर आ रही बेलफास्ट की पारी को मार्क चैपमैन और कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने संभाला।
33 गेंदों में 54 रन बनाने वाले चैपमैन ने मैक्सवेल के साथ 84 रनों की साझेदारी निभाई। उनका विकेट 152 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद, मैक्सवेल ने पारी को अंतिम ओवरों में अच्छे से फिनिश किया। डब्लिन गार्डियंस की तरफ से क्रिस वुड ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, जोश लिटिल को दो विकेट मिले, जबकि कप्तान रविचंद्रन अश्विन को एक विकेट हासिल हुआ।
डब्लिन को खराब बल्लेबाजी का भुगतना पड़ा खामियाजा
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डब्लिन गार्डियंस को पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर झटका लगा और ओपनर हैरी टेक्टर खाता खोले बिना ही आउट हो गए। इसके बाद, दूसरे ओपनर मुहम्मद वसीम भी 9 रन बनाकर चलते बने। डैरिल मिचेल और विजय शंकर भी 3-3 रन बनाकर आउट हो गए।
जॉर्ज डॉकरेल ने 22 गेंदों में 35 और क्रिस वुड ने 22 गेंदों में 25 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया लेकिन ये दोनों हार के अंतर को ही थोड़ा कम कर पाए। अश्विन ने बल्लेबाजी में 15 रन बनाए। बेलफास्ट वॉल्व्स की तरफ से मार्क अडेयर, फ्रेड क्लासेन और मैथ्यू हम्फ्रीस ने दो-दो विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: 6,6,6,6,4,4,4,4....ETPL में छाए 42 साल के फाफ डू प्लेसी, 55 गेंदों में तूफानी पारी खेल टीम को दिलाई जीत
Tagged:
Ravichandran Ashwin Glen Maxwell Dublin Guardians Belfast Wolves vs Dublin Guardians ETPL 2026