6,6,6,6,4,4,4,4....ETPL में छाए 42 साल के फाफ डू प्लेसी, 55 गेंदों में तूफानी पारी खेल टीम को दिलाई जीत

Published - 27 Aug 2026, 09:30 AM | Updated - 27 Aug 2026, 10:20 AM

ETPL

यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग यानी ETPL के पहले सीजन की शुरुआत हो गई है। 26 अगस्त को पहला मैच खेला गया, जिसमें रॉटरडैम डॉकर्स (Rotterdam Dockers) ने एम्स्टर्डम फ्लेम्स (Amsterdam Flames) को 5 विकेट से हरा दिया। मुकाबले में पहले खेलते हुए फ्लेम्स ने 20 ओवर में 157/8 का स्कोर बनाया, जवाब में डॉकर्स ने 18.1 ओवर में ही 158/5 का स्कोर बनाकर जीत दर्ज कर ली।

ETPL 2026 में रॉटरडैम डॉकर्स की धमाकेदार जीत के हीरो कप्तान फाफ डू प्लेसी रहे। 42 वर्षीय दिग्गज ने पहले ही मैच में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से फैंस को एंटरटेन किया और आखिरी तक नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

फाफ डू प्लेसी ने ETPL 2026 में एम्स्टर्डम फ्लेम्स के खिलाफ मचाया कोहराम

ETPL 1

ETPL के पहले मैच में एम्स्टर्डम फ्लेम्स के द्वारा मिले 158 के टारगेट का पीछा करने में रॉटरडैम डॉकर्स को कुछ खास परेशानी नहीं हुई और इसकी बड़ी वजह फाफ डू प्लेसी रहे। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और फ्लेम्स के गेंदबाजों की क्लास लगा दी।

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने आखिरी तक जिम्मेदारी संभाली और 55 गेंदों में 150.90 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 83 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके और दो छक्के भी शामिल रहे।

ETPL 2026 के पहले मैच में एम्स्टर्डम फ्लेम्स की तरफ से बास डी लीड ने बनाए 75 रन

मुकाबले के हाल की बात करें तो टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फ्लेम्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और पहले 10 ओवर के अंदर ही 79 के स्कोर तक चार विकेट गिर गए। हालांकि, एक छोर से बास डी लीड ने मोर्चा संभाल लिया।

दूसरे बल्लेबाजों का उन्हें ज्यादा साथ नहीं मिला लेकिन उन्होंने अकेले ही 53 गेंदों में 75 रन बनाकर अपनी टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। डॉकर्स की तरफ से डेविड वीजे, एनरिक नॉर्खिया और रोएल्फ वैन डर मर्व को सर्वाधिक दो-दो विकेट मिले।

डू प्लेसी की पारी से रॉटरडैम डॉकर्स को मिली आसान जीत

लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉटरडैम डॉकर्स की शुरुआत भी खराब रही और पहले चार ओवर में ही 22 के स्कोर तक तीन विकेट गिर गए। इसके बाद, कप्तान फाफ डू प्लेसी और बेन मानेन्टी ने पारी को संभालते हुए स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। मानेन्टी 18 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हो गए।

फिर डेविड वीजे ने कमाल किया और 17 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाकर फाफ के साथ अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। एम्स्टर्डम फ्लेम्स के लिए काइल क्लेन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।

यह भी पढ़ें: क्रिकेट फैन्स के लिए बुरी खबर, 45 इंटरनेशल मैच खेलने वाले खिलाड़ी ने किया संन्यास का ऐलान

Tagged:

Faf De Plessis Amsterdam Flames ETPL 2026 Rotterdam Dockers
Prashant

प्रशांत कुमार क्रिकेट लेखक हैं, जिन्होंने 2019 में स्पोर्ट्स पत्रकारिता में कदम रखा और इसके बाद इसी... रीड मोर

For fastest livescore in India
hindi.cricketaddictor.com