काउंटी डेब्यू में मानव सुथार का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन, गेंद से चटकाए 4 विकेट, तो बल्ले से भी बना डाले इतने रन
Table of Contents
Manav Suthar All-Round Performance: राजस्थान के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मानव सुथार ने घरेलू क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और फिर आईपीएल 2026 में भी काफी प्रभावशाली गेंदबाजी की। इसी वजह से शायद कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल की गैरमौजूदगी में सुथार को स्क्वाड में शामिल करने की सलाह दी होगी।
बाएं हाथ के खिलाड़ी ने मिले मौके को दोनों हाथों से भुनाया और मुल्लांपुर में हुए मुकाबले में पारी में 6 विकेट लेकर सनसनी मचा दी। मैच में मानव सुथार (Manav Suthar) ने कुल 7 विकेट झटके और बल्ले से 23 रन भी बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के कारण 23 वर्षीय खिलाड़ी को इंग्लैंड से भी बुलावा आया और काउंटी चैंपियनशिप के दो राउंड के लिए वारविकशायर ने उन्हें साइन कर लिया। अपने काउंटी डेब्यू पर सुथार ने निराश नहीं किया और ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सभी को इम्प्रेस करने में कामयाब रहे।
वारविकशायर के लिए डेब्यू में Manav Suthar ने झटके 4 विकेट

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के बाद, काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन 1 में शामिल वारविकशायर ने अगले दो राउंड के लिए मानव सुथार (Manav Suthar) को साइन किया। इसी वजह से 12 जून को स्कारबोरो में यॉर्कशायर के खिलाफ मैच में मानव को डेब्यू का मौका मिला और वह वारविकशायर के लिए खेलने वाले 585वें खिलाड़ी बने। मानव अपने डेब्यू मैच में छाप छोड़ने में कामयाब रहे और गेंद व बल्ले दोनों से योगदान दिया। इस दौरान गेंदबाजी में दोनों पारियों को मिलाकर कुल 4 विकेट झटके।
यॉर्कशायर के खिलाफ मानव सुथार का दोनों पारियों में ऐसा रहा गेंद के साथ प्रदर्शन
वारविकशायर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (Manav Suthar) ने जॉनी बेयरस्टो की कप्तानी वाली यॉर्कशायर टीम के खिलाफ 21 ओवर की गेंदबाजी में एक मेडन डाला और 85 रन देकर 3 विकेट लेने में सफल रहे। सुथार ने नंबर 3 के बल्लेबाज सैम व्हाइटमैन (55) को अपना शिकार बनाया और उन्हें आउट कर अपना पहला विकेट हासिल किया। इसके बाद, मानव ने 167 रनों की पारी खेलने वाले विलियम लैक्सटन को आउट किया। फिर उन्होंने जॉर्ज हिल (30) के रूप में अपना तीसरा विकेट चटकाया।
इसके बाद, यॉर्कशायर की दूसरी पारी में मानव सुथार को उतनी सफलता नहीं मिली लेकिन वह एक बड़ा विकेट लेने में सफल रहे। उन्होंने एक बार फिर से सैम व्हाइटमैन को अपना शिकार बनाया, जो इस बार सिर्फ 8 रन ही बना सके। दूसरी पारी में मानव ने 22 ओवर में दो मेडन डाले और 74 रन देकर 1 विकेट चटकाया।
बल्लेबाजी में भी मानव सुथार ने किया प्रभावित
रेड बॉल क्रिकेट में मानव सुथार (Manav Suthar) की पहचान एक गेंदबाजी ऑलराउंड के रूप में है। यॉर्कशायर के खिलाफ उन्होंने गेंद से कमाल दिखाया और बाद में बल्लेबाजी में भी एक छोटी लेकिन अहम पारी खेली। मानव ने 73 गेंदों में 33 रन बनाए और कप्तान ऐड बर्नार्ड (83) के साथ अर्धशतकीय साझेदारी निभाते हुए वारविकशायर की पहली पारी में 263 के स्कोर तक पहुंचने में मदद की।
यह भी पढ़ें: हार्दिक पांड्या की इंजरी अपडेट आई सामने? जानें इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज खेलेंगे या नहीं