ट्राई-सीरीज में हिस्सा ले रही टीम को लगा बड़ा झटका, कप्तान को लगी चोट; सभी मैचों से हुए बाहर
Table of Contents
Litton Das Injury: यूएई में बांग्लादेश, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच वनडे ट्राई-सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का आगाज 17 अक्टूबर से हुआ लेकिन बांग्लादेश को पहले मैच के शुरू होने से पहले अंतिम समय में बड़ा झटका लगा, क्योंकि कप्तान लिटन दास बिना खेले ही सभी मैचों से बाहर हो गए।
लिटन दास (Litton Das) के जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा के साथ टॉस के समय मौजूद रहने और बांग्लादेश के पूर्णकालिक वनडे कप्तान के रूप में अपनी पारी शुरू करने की उम्मीद थी लेकिन वह मैच से ठीक पहले फिटनेस टेस्ट पास न कर पाने के कारण बाहर हो गए। इस तरह बांग्लादेश को अब इस ट्राई-सीरीज में लिटन के बिना ही आगे बढ़ना होगा।
हिप इंजरी के कारण Litton Das को होना पड़ा बाहर

वनडे ट्राई-सीरीज के लिए लिटन दास (Litton Das) के खेलने पर पहले से ही संशय की स्थिति बनी हुई थी, क्योंकि उन्होंने शुक्रवार को ही कूल्हे के जोड़ में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद, उनका एमआरआई कराया गया और बाद में रिपोर्ट से साफ़ हुआ कि उन्हें दिक्कत है। इसके बावजूद बांग्लादेश के कप्तान ने फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लिया, लेकिन वे पास नहीं कर पाए।
लिटन की इंजरी पर फिजियोथेरेपिस्ट ने दिया अपडेट
बीसीबी के फिजियोथेरेपिस्ट बायेजेदुल इस्लाम खान ने लिटन दास (Litton Das) की हिप इंजरी को लेकर बताया,
"लिटन दास ने हमें दाहिने कूल्हे के जोड़ में तकलीफ की शिकायत बताई थी। हमने उनका एमआरआई कराया, जिससे पता चला कि कोई समस्या है। लिटन ने आज फिटनेस टेस्ट देने की कोशिश भी की, लेकिन वे जरूरी मानक पूरे नहीं कर पाए। इसलिए, वे इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं।"
ये खिलाड़ी लिटन दास की गैरमौजूदगी में संभाल रहा कमान, रिप्लेसमेंट का भी हुआ ऐलान
बांग्लादेश ने लिटन दास (Litton Das) के बाहर होने की वजह से यूएई में जारी ट्राई-सीरीज के लिए तौहीद हृदय को कार्यवाहक कप्तान बनाया है। उन्होंने इससे पहले इस फॉर्मेट में कभी अपनी नेशनल टीम की कमान नहीं संभाली है लेकिन अब बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। तौहीद अपनी टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में से एक हैं और उन्होंने अभी तक 57 मैचों में 38.02 के औसत से 1711 रन बनाए हैं। इस दौरान एक शतक और 11 अर्धशतक भी जड़े हैं।
BCB ने लिटन दास के रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया और उनकी जगह परवेज़ हुसैन एमोन को शामिल किया है। परवेज ने अपना आखिरी वनडे जुलाई, 2025 में खेला था।
जिम्बाब्वे के खिलाफ हार के साथ बांग्लादेश ने की ट्राई-सीरीज की शुरुआत
बांग्लादेश ने शनिवार को वनडे ट्राई-सीरीज के पहले मैच में जिम्बाब्वे का सामना किया। इस मैच में तौहीद हृदय की कप्तान वाली टीम को 99 रनों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 271/8 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 33.4 ओवर में 172 रन बनाकर ढेर हो गई।
यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड दौरे से पहले इस टीम के खिलाफ खेलने उतरेंगे शुभमन गिल, 22 साल का खिलाड़ी होगा कप्तान