CSK की फ्रेंचाइजी का बड़ा ऐलान, 1902 विकेट लेने वाले दिग्गज को बनाया गेंदबाजी कोच; फील्डिंग कोच के नाम का भी खुलासा
Table of Contents
आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स पिछले तीन सीजन से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई है। खिताबी जीत तो दूर, यह टीम प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई करने में नाकाम रही है। यही वजह है कि 2026 के सीजन के बाद बड़ा फैसला लिया गया और टीम के साथ करीब 18 साल से काम करने वाले दिग्गज स्टीफन फ्लेमिंग को हेड कोच के पद से हटा दिया गया। उनकी जगह CSK ने आईपीएल में भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को नियुक्त किया।
हालांकि, फ्लेमिंग की विदाई के कारण सिर्फ आईपीएल में ही नहीं, CSK के मैनेजमेंट को अन्य लीग में भी बदलाव करने पड़े, क्योंकि अन्य जगहों पर भी हेड कोच की जिम्मेदारी यह कीवी दिग्गज ही उठा रहा था। इसी वजह से SA20 में शामिल CSK की फ्रेंचाइजी जोबर्ग सुपर किंग्स ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर एल्बी मोर्केल को अपना नया हेड कोच बनाया। वहीं, अब उनके कोचिंग स्टाफ की भी घोषणा कर दी गई है।
इस दिग्गज को SA20 में शामिल CSK की फ्रेंचाइजी ने बनाया अपना गेंदबाजी कोच

दक्षिण अफ्रीका में खेले जाने वाले टी20 टूर्नामेंट SA20 के आगामी सीजन के लिए जोबर्ग सुपर किंग्स ने एल्बी मोर्केल की अगुआई वाले कोचिंग स्टाफ में गेंदबाजी कोच के रूप में साउथ अफ्रीका के ही पूर्व दिग्गज पेसर एलन डोनाल्ड को साइन किया है, जिन्हें कोचिंग का काफी अनुभव है।
वहीं, दुनिया भर के तेज गेंदबाजों के बीच उन्हें काफी सम्मान भी हासिल है। अब डोनाल्ड पर CSK की फ्रेंचाइजी के गेंदबाजों को तराशने की जिम्मेदारी होगी। डोनाल्ड ने एरिक सिमंस की जगह ली है, जो अब इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बन गए हैं।
प्रोफेशनल करियर में डोनाल्ड के नाम 1902 विकेट
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड ने 1985/86 में अपने घरेलू क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी और 2004 तक खेले। उन्होंने 1991 में इंटरनेशनल क्रिकेट में दस्तक दी थी और 2003 में दक्षिण अफ्रीका की तरफ से आखिरी बार खेलते हुए नजर आए।
पेशेवर करियर में डोनाल्ड ने जबरदस्त सफलता हासिल की। उनके नाम 1216 फर्स्ट क्लास, 684 लिस्ट ए और 2 टी20 विकेट दर्ज हैं। इस तरह कुल विकेटों की संख्या 1902 है। इंटरनेशनल क्रिकेट में डोनाल्ड ने 72 टेस्ट में 330 विकेट अपने नाम किए। वहीं, 164 वनडे में 272 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
CSK की फ्रेंचाइजी ने फील्डिंग कोच और फिजियोथेरेपिस्ट का भी किया ऐलान
SA20 2027 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की फ्रेंचाइजी ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पियरे डी ब्रुइन को फील्डिंग कोच के रूप में साइन किया है। डी ब्रुइन का यह एल्बी मोर्केल के साथ रीयूनियन होगा, क्योंकि ये दोनों पहले टाइटंस और नामीबिया के साथ मिलकर काम कर चुके हैं।
पियरे डी ब्रुइन ने इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला लेकिन वे डोमेस्टिक का काफी अनुभव रखते हैं। उन्होंने 91 फर्स्ट, 108 लिस्ट ए और 28 टी20 खेले हैं और इन तीनों को मिलाकर 6000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम 154 कैच और 5 स्टंपिंग दर्ज हैं।
CSK की फ्रेंचाइजी ने इवान स्पीचली को अपना नया फिजियोथेरेपिस्ट नियुक्त किया है। उन्हें टॉमी सिमसेक की जगह लाया गया है।
यह भी पढ़ें: सितंबर के 'मंथ ऑफ द प्लेयर' का हुआ ऐलान, इस स्टार भारतीय खिलाड़ी ने जीता अवॉर्ड